विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार को 7 नए विश्वविद्यालयों की सौगात: विक्रमशिला, AI और फिजिक्स यूनिवर्सिटी पर काम तेज

Published: Mon, 31 Aug 2026 07:36 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर बिहार में सात नए विश्वविद्यालयों की स्थापना जल्द होगी, जिसमें विक्रमशिला सेंट्रल यूनिवर्सिटी और पहला महिला विश्वविद्यालय भी शामिल हैं।

बिहार में शिक्षा का नया अध्याय, सात नए विश्वविद्यालय जल्द होंगे स्थापित

बिहार में शिक्षा का नया अध्याय, सात नए विश्वविद्यालय जल्द होंगे स्थापित

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर सात नए विश्वविद्यालय।

  2. भागलपुर में विक्रमशिला सेंट्रल यूनिवर्सिटी की स्थापना होगी।

  3. बिहार का पहला महिला विश्वविद्यालय भी जल्द खुलेगा।

दीनानाथ साहनी, पटना। प्रदेश में सात नए विश्वविद्यालयों की स्थापना जल्द होगी। इसके लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर उच्च शिक्षा विभाग और विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आवश्यक प्रशासनिक एवं विधिक प्रक्रिया को पूरी करने हेतु तेजी से कार्य किया जा रहा है।

भागलपुर जिले के कहलगांव में विक्रमशिला सेंट्रल यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए 200 एकड़ भूमि केंद्र सरकार को उपलब्ध कराई जा चुकी है।

वहीं, 20 जुलाई को कैबिनेट से मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय और भागलपुर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना संबंधी प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है।

अब दोनों नए विश्वविद्यालयों को खोलने के लिए विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा प्रशासनिक और अकादमिक कार्यों के संचालन हेतु आवश्यक प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है और विशेषज्ञों के नेतृत्व में दो टीमें भी बनायी है।

उच्च शिक्षा विभाग के एक उच्च पदस्थ अधिकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा 28 जून को पटना विश्वविद्यालय के साइंस कालेज में यूनिवर्सिटी ऑफ फिजिक्स एंड साइंसेज की स्थापना की घोषणा की गई थी। इससे संबंधित संलेख पर कैबिनेट से मंजूरी ली जाएगी।

यह बिहार की पहली यूनिवर्सिटी ऑफ फिजिक्स एंड साइंसेज होगी। पटना में स्थित एएन सिन्हा सामाजिक अध्ययन संस्थान को यूनिवर्सिटी बनाने और बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना संबंधी प्रस्ताव पर भी कैबिनेट में सहमति ली जाएगी।

27 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा महिला विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा हुई है। महिला विश्वविद्यालय में प्राध्यापक से लेकर कुलपति एवं सभी पदों पर सिर्फ महिलाएं ही जिम्मेदारी निभाएंगी। बिहार में खुलने वाला यह पहला महिला विश्वविद्यालय होगा।

खास बात यह होगी कि महिला विश्वविद्यालय में सभी पदों पर सिर्फ महिलाएं नियुक्त होंगी। इसके अतिरिक्त 26 अगस्त को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चाणक्य के नाम पर मैनेजमेंट इंस्टीच्यूट की स्थापना की घोषणा की गई थी जिसके लिए प्रस्ताव पर कैबिनेट से सहमति ली जाएगी।

विक्रमशिला विवि के खुलने पर राज्य में होंगी 4 सेंट्रल यूनिवर्सिटी

भागलपुर में विक्रमशिला विश्वविद्यालय के खुलने पर राज्य में सेंट्रल यूनिवर्सिटी की संख्या चार हो जाएगी। वर्तमान में महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण), साउथ बिहार सेंट्रल यूनिवर्सिटी, पंचानपुर (गया) और डॉ. राजेंद्र प्रसाद सेंट्रल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, पूसा संचालित हो रहे हैं।