Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    IPL में बिहार की टीम क्यों होनी चाहिए? 1 डिमांड पर सरकार के 2 रिएक्शन, 'बेमिसाल' रिकॉर्ड देखिए

    Updated: Sat, 23 May 2026 11:10 AM (IST)

    बिहार के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों जैसे वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन के आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के कारण राज्य में अपनी आईपीएल टीम की मांग तेज हो गई है। ...और पढ़ें

    बिहार में परवान चढ़ा क्र‍िकेट।

    बिहार में परवान चढ़ा क्र‍िकेट।

    HighLights

    1. वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाए, ऑरेंज कैप की दौड़ में।

    2. ईशान किशन ने सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी की, टीम को प्लेऑफ में पहुंचाया।

    3. बिहार सरकार खेल बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर प्रतिबद्ध, आईपीएल टीम का समर्थन।

    अक्षय पांडेय, पटना। समस्तीपुर के 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी, पटना के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन, गोपालगंज के साकिब हुसैन एवं मुकेश कुमार। 

    इन जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के प्रदर्शन को मिल रही वैश्विक पहचान से क्रिकेट गलियारों में बिहार की अपनी आईपीएल टीम होने की मांग उठ गई है।

    इन खिलाड़ियों की सफलता ने राज्य के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने और भविष्य में एक नई आईपीएल फ्रेंचाइजी के दावे को मजबूत कर दिया है।

    क्रिकेट में चमके राज्य के होनहारों की वजह से आज दुनिया को यह मानने पर मजबूर कर दिया है कि बिहार क्रिकेट का एक नया पावरहाउस है।

    आधारभूत संरचनाएं हो रहीं विकसित 

    खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार खिलाड़ियों के लिए और खेल को आगे बढ़ाने के लिए तैयारी कर रहा है। राज्य के कोने-कोने में क्रिकेट, रग्बी, हाकी जैसे तमाम खेलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधारभूत संरचना विकसित की जा रही है।

    अनिल अग्रवाल आईपीएल टीम को लेकर बिहार का नाम आगे बढ़ाते हैं, प्रदेश के बच्चों को खेलने का अवसर देते हैं, तो सरकार आपके साथ खड़ी रहेगी।

    बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्द्धन ने कहा कि बीते पांच वर्षों में खेल को लेकर आधारभूत संरचना पर कार्य किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि आज आईपीएल के लिए बिहार के नाम की टीम की मांग उठी है। 

    वैभव ने आईपीएल में जड़े हैं सबसे अधिक छक्के

    आईपीएल में इस बार वैभव सूर्यवंशी 13 मैचों में एक शतक और तीन अर्धशतक की मदद से 579 रन बना चुके हैं। वैभव ऑरेंज कैप (सबसे अधिक रन) की दौड़ में शामिल हैं।

    सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 12 छक्के और पांच चौके की मदद से 37 गेंदों में 103 रन बनाए थे। इसके साथ ही वैभव एक आईपीएल सत्र में 50 से अधिक छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

    12 वर्ष 284 दिन की उम्र में बिहार से रणजी खेलने वाले वैभव इस बार आईपीएल में 53 छक्के लगा चुके हैं। 

    अपनी टीम की मजबूत कड़ी ईशान 

    अपनी टीम की बल्लेबाजी क्रम की महत्वपूर्ण कड़ी ईशान झारखंड से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले पटना के 27 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन आइपीएल में छह अर्धशतक की मदद से 569 रन बना चुके हैं।

    खबरें और भी

    राजस्थान रायल्स के खिलाफ वे 91 रन बनाकर शतक से चूक गए थे। आस्ट्रेलिया के पैट कमिंस के आने से पहले ईशान ने कुछ मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी की और अपनी टीम को मुकाबलों में जिताकर प्ले ऑफ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

    ऑफ कटर से बल्लेबाजों को परेशान कर रहे साकिब

    गोपालगंज के 21 वर्षीय तेज गेंदबाज साकिब हुसैन आफ कटर और स्लो गेंदों से सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खिलते हुए आइपीएल में विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं।

    अपने प्रदर्शन से इन दिनों वे प्रभावित कर रहे हैं। राजस्थान रायल्स के खिलाफ पदार्पण मैच में चार विकेट लेकर चर्चा में आए साकिब बिहार से रणजी खेलते हैं।

    इस बार आइपीएल के इस मुकाबलों में वे 15 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज चुके हैं। चयनकर्ताओं की निगाह में हैं।

    अनुभव के मामले में अव्वल मुकेश और अनुकूल

    दिल्ली कैपिटल्स के खेलने वाले गोपालगंज के 32 वर्षीय मुकेश कुमार लाइन-लेंथ पर गेंद फेंकने में माहिर हैं। भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके मुकेश को आईपीएल के 10 मुकाबलों में भले छह विकेट मिले हों, पर उन्होंने किफायती गेदंबाजी कर सबको प्रभावित किया है।

    कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलने वाले समस्तीपुर के 27 वर्षीय अनुकूल राय किफायती स्पिन गेंदबाज हैं। वे इस बार हर मैच में टीम के सदस्य रहे हैं। उन्होंने 11 मैच में आठ विकेट लिए हैं।