विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शराबबंदी कानून पर नीतीश की नीति का जिक्र, मदन सहनी बोले- नहीं बदलेगा रुख; पुल‍िस एसोसिएशन क्‍यों है नाराज?

Published: Fri, 21 Aug 2026 08:37 AM (IST)

मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून से कोई समझौता नहीं होगा और यह सख्ती ...और पढ़ें

जदयू कार्यालय में पत्रकारों से बात करते मंत्री मदन सहनी।

जदयू कार्यालय में पत्रकारों से बात करते मंत्री मदन सहनी।

HighLights

  1. बिहार में शराबबंदी कानून पर कोई समझौता नहीं होगा।

  2. मंत्री मदन सहनी ने इसे गरीब और महिलाओं के लिए लाभकारी बताया।

  3. पुलिस एसोसिएशन ने मंत्री के बयान पर आपत्ति जताई, बताया दुर्भाग्यपूर्ण।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने गुरुवार को कहा कि शराबबंदी कानून के साथ कोई समझौता नहीं होगा। आगे भी पूरी सख्ती के साथ यह लागू रहेगा।

जदयू प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद उन्‍होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने सभी राजनीतिक दलों के सहयोग एवं सहमति से बिहार में शराबबंदी कानून लागू किया था।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कानून के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा बिहार में शराबबंदी प्रभावी रूप से लागू है और आगे भी पूरी सख्ती के साथ लागू रहेगी।

उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून का सर्वाधिक लाभ गरीब, मजदूर एवं बिहार की आधी आबादी अर्थात महिलाओं को हुआ है।

संबंध‍ित कंपनी पर भी होगा मुकदमा 

विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि बिहार में किसी भी कंपनी की शराब जब्त होने की स्थिति में संबंधित कंपनी के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

समाज कल्याण मंत्री डाॅ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार की प्राथमिकता है कि लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

इस दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर काम कर रही है और यह सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

मंत्री के बयान पर पुलिस एसोसिएशन को आपत्‍त‍ि 

इधर मंत्री मदन सहनी द्वारा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने वाला बयान देने पर बिहार पुलिस एसोसिएशन ने एतराज जताया है।एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने कहा कि यह आरोप दुर्भाग्यपूर्ण है।

अगर कोई पुलिसकर्मी कर्तव्य में कोताही बरतता है, तो विभागीय कार्रवाई की जाती है। मंत्री को इस तरह के बयान से परहेज करना चाहिए।