विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में दिल दहलाने वाली वारदात, डेढ़ साल के सगे भाई की हत्या कर सिर-धड़ गमछे में लपेटकर घर पहुंचा युवक

Published: Sat, 24 Oct 2026 06:39 PM (IST)

पटना जिले के रानीतालाब थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने डेढ़ वर्षीय सहोदर भाई की दबिया से गर्दन काटकर ...और पढ़ें

आरोप‍ित युवक और घटना के बाद व‍िलाप करतीं मह‍िलाएं। जागरण

आरोप‍ित युवक और घटना के बाद व‍िलाप करतीं मह‍िलाएं। जागरण

HighLights

  1. युवक ने डेढ़ वर्षीय भाई की गर्दन काटकर हत्या की।

  2. आरोपी ने बच्चे का सिर-धड़ गमछे में लपेटकर घर लाया।

  3. पटना के रानीतालाब थाना क्षेत्र में हुई यह वारदात।

संवाद सूत्र, बिक्रम/दुल्हिनबाजार। पटना जिले के रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।

21 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपने डेढ़ वर्षीय सहोदर भाई की दबिया से गर्दन काटकर हत्या कर दी। आरोप है कि वह भाई को गोद में लेकर नहर किनारे स्थित देवी मंदिर पहुंचा। 

वहां मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद बच्चे का सिर और धड़ गमछे में लपेटकर घर पहुंच गया। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

स‍िर और धड़ गमछे में लपेट कर पहुंचा घर 

पुलिस के अनुसार, आरोपित की पहचान रंजू यादव के 21 वर्षीय पुत्र अजीत यादव के रूप में हुई है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने डेढ़ वर्षीय छोटे भाई मनीष को गोद में लेकर घर से निकला था।

ग्रामीणों के मुताबिक, वह बच्चे को नहर किनारे स्थित देवी मंदिर ले गया। आरोप है कि मंदिर में नारियल फोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले पत्थर पर बच्चे की गर्दन रखकर उसने दबिया से वार किया।

वारदात के बाद आरोपित बच्चे के सिर और धड़ को गमछे में लपेटकर घर पहुंचा। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी पालीगंज-2 पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि बच्चे की हत्या मंदिर में की गई है।

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपित से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

दादा का दर्द- छोटा पोता ही मेरा खिलौना था

मासूम की हत्या से परिवार में मातम पसरा है। दादा राम इकबाल यादव बदहवास हैं। उन्होंने रुंधे गले से बताया कि घटना के समय वह घर में खाना खा रहे थे।

इसी दौरान बड़ा पोता अजीत उनसे गमछा मांगकर ले गया। उन्हें जरा भी अंदेशा नहीं था कि वह उसी गमछे में अपने छोटे भाई का शव लपेटकर लौटेगा।

दादा ने कहा, 'छोटा पोता ही मेरा खिलौना था, बड़े पोते ने उसे भी छीन लिया।' डेढ़ वर्षीय मनीष घर में सबका दुलारा था। उसकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

तीन बेटों में सबसे बड़ा है आरोपित

बताया जाता है कि रंजू यादव ट्रैक्टर चलाते हैं और उनके तीन बेटे हैं। अजीत सबसे बड़ा है और पोकलेन मशीन चलाने का काम करता है।

ग्रामीणों ने उसे नशे का आदी बताया है। हालांकि, हत्या की वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।