A, B, C, D ग्रेड में बंटे स्कूल; आपके जिले का क्या है स्टेटस? मॉडल स्कूलों में 8 से 16 शिक्षक होंगे तैनात
बिहार के 534 मॉडल माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में नए सत्र की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने शिक्षकों की तै ...और पढ़ें

मॉडल स्कूलों में पढ़ाई के लिए गाइडलाइन। प्रतीकात्मक फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, पटना। नए शैक्षणिक सत्र में राज्य के 534 मॉडल माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी तेज कर दी गई है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने शिक्षकों की तैनाती, नौवीं कक्षा में नामांकन और शिक्षण कार्य प्रारंभ कराने को लेकर सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देश में कहा गया है कि सभी आवश्यक शैक्षणिक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। मॉडल माध्यमिक विद्यालयों में 8 और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 16 शिक्षकों का अविलंब पदस्थापन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नौवीं कक्षा में 45 छात्रों का अनिवार्य नामांकन
शिक्षा विभाग ने प्रत्येक मॉडल विद्यालय में नौवीं कक्षा में कम से कम 45 छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। छात्रों की संख्या बढ़ने पर शिक्षकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वे शिक्षकों के पदस्थापन को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाकर काम करें।
ड्रेस कोड और डिजिटल सिस्टम भी लागू
मॉडल विद्यालयों में छात्रों के लिए ड्रेस कोड लागू किया गया है, जिसे बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने डिजाइन किया है। इससे इन स्कूलों की अलग पहचान बनेगी।
हर विद्यालय का अपना पोर्टल होगा, जिस पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का पूरा विवरण दर्ज रहेगा। पहचान पत्र में छात्र का नाम, पिता का नाम और आधार नंबर जैसी जानकारी शामिल होगी।
चार ग्रेड में बांटे गए मॉडल स्कूल
शिक्षा विभाग के अनुसार, मॉडल विद्यालयों को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है:
- A ग्रेड: 314 विद्यालय
- B ग्रेड: 160 विद्यालय
- C ग्रेड: 45 विद्यालय
- D ग्रेड: 15 विद्यालय
मॉडल स्कूलों में नामांकन के लिए राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी और इसके परिणाम भी जारी कर दिए गए हैं।
निरीक्षण की जिम्मेदारी तय
मॉडल विद्यालयों की व्यवस्था की जांच की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को सौंपी गई है।
- C और D ग्रेड स्कूलों की जांच DEO करेंगे
- A और B ग्रेड स्कूलों की जांच जिला कार्यक्रम पदाधिकारी करेंगे
ई-शिक्षाकोष पोर्टल से हुई शिक्षक भर्ती
मॉडल विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से आवेदन लिए गए थे। चयन प्रक्रिया के लिए प्रत्येक जिले में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है, जिसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी भी शामिल हैं।