सोलर पैनल लगाने से बंद हो जाएगा 125 यूनिट फ्री बिजली का लाभ? जानिए MVUS योजना से जुड़े सवालों के जवाब
बिहार सरकार की मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना (MVUSY) के तहत 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलती है। सोलर पैनल ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना में 125 यूनिट बिजली मुफ्त।
125 यूनिट से अधिक खपत पर भी सब्सिडी का लाभ जारी।
सोलर पैनल लगाने पर भी मुफ्त बिजली योजना का लाभ मिलेगा।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की जनता के ऊपर से बिजली का बोझ कम करने के लिए सरकार मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना (MVUSY) चला रही है। इसके तहत सभी परिवारों को हर महीने 125 यूनिट तक फ्री बिजली दी जाती है।
इसके ऊपर खर्च पर भी सब्सिडी मिलती है, लेकिन उसकी क्या शर्ते हैं, इसको लेकर उपभोक्ताओं में हमेशा कन्फ्यूजन रहता है। ऐसा ही भ्रम सोलर पैनल लगाने पर फ्री बिजली योजना के लाभ (MVUSY Solar Panel Rules) को लेकर है। इस स्टोरी में MVUSY से जुड़े सभी सवालों के जवाब दिए जा रहे हैं, जिससे आपके सभी कन्फ्यूजन जरूर दूर हो जाएंगे।
1. MVUSY योजना के अंतर्गत क्या-क्या मुफ्त मिलेगा?
प्रति माह 125 यूनिट तक बिजली पूरी तरह मुफ्त (Bihar 125 unit free electricity) मिलेगी। इसमें ऊर्जा शुल्क (Energy Charge), फिक्सड चार्ज (Fixed Charge) और बिजली शुल्क (Electricity Duty) तीनों शामिल हैं।
2. यदि कोई उपभोक्ता 126 यूनिट उपयोग करता है तो क्या होगा?
जैसे ही आप 125 से 1 यूनिट भी ऊपर खर्च करेंगे (यानी 126 यूनिट), तो उस 1 अतिरिक्त यूनिट पर सरकार से मिलने वाली छूट (अनुदान) वाली दर से ही बिल बनेगा। उसी 1 यूनिट पर इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी (बिजली कर) भी लागू होगा।
वहीं पूरा बिल फिक्सड चार्ज के साथ आएगा, जिसमें आपके इस्तेमाल किए गए लोड (उठे हुए भार) या मंजूर लोड (स्वीकृत भार) में से जो भी ज्यादा होगा, उसके 75% के हिसाब से लगेगा।
3. छूट हेतु 125 यूनिट की गणना कैसे की जायेगी ?
बिजली बिल में मुफ्त यूनिट की सीमा (Bihar 125 unit free electricity) 30 दिनों (एक महीने) के हिसाब से तय की होती है। अगर आपका बिल 30 दिन से कम या ज्यादा दिनों का आता है, तो मुफ्त यूनिट की सीमा भी दिनों के हिसाब से कम या ज्यादा हो जाएगी।
इसे रोजाना लगभग 4.16 यूनिट मुफ्त मान सकते हैं। मान लीजिए आपका बिल 40 दिनों का है, तो इस हिसाब से 167 यूनिट मुफ्त मिलेंगे। यदि बिल 25 दिनों का है, तो 104 यूनिट मुफ्त मिलेंगे।
4. यदि उपभोक्ता 125 यूनिट से अधिक उपयोग करे तो क्या कोई सब्सिडी मिलेगी?
हां। 125 यूनिट के बाद भी राज्य सरकार की मौजूदा बिजली सब्सिडी योजना लागू रहेगी। बीपीएल परिवारों और ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू बिजली की फीस 7.42 रुपये/kWh होता है।
सरकार इसमें प्रति यूनिट 4.97 की सब्सिडी देती है। इसलिए गरीब परिवारों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को 125 यूनिट से अधिक खर्च करने पर प्रति यूनिट मात्र 2.45 रुपये देना होता है।
वहीं, शहरों में प्रति यूनिट बिजली की फीस 8.95 से 9.03 रुपये होती है। सरकार इसमें क्रमश: 3.43 और 3.61 रुपये प्रति यूनिट सब्सिडी देती है। इसलिए शहरी परिवारों को 125 यूनिट से अधिक खर्च करने पर मात्र 5.52 से 5.42 प्रति यूनिट बिजली बिल देना पड़ता है।
5. 125 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च करने पर बिल किस रेट (दर) से आएगा?
| उपभोक्ता श्रेणी | बिजली खपत (यूनिट) | फिक्स्ड चार्ज (प्रति माह) | प्रति यूनिट देय बिल |
|---|---|---|---|
| कुटीर ज्योति (BPL) | 0 – 125 यूनिट | ₹0 | ₹0 (मुफ्त) |
| 125 यूनिट से अधिक | ₹20 / कनेक्शन | ₹2.45 | |
| घरेलू – 1 (ग्रामीण) | 0 – 125 यूनिट | ₹0 | ₹0 (मुफ्त) |
| 125 यूनिट से अधिक | ₹40 / किलोवाट | ₹2.45 | |
| घरेलू – 2 (शहरी - मांग आधारित) | 0 – 125 यूनिट | ₹0 | ₹0 (मुफ्त) |
| 125 यूनिट से अधिक | ₹80 / किलोवाट | ₹5.52 | |
| घरेलू – 3 (शहरी - मांग आधारित) | 0 – 125 यूनिट | ₹0 | ₹0 (मुफ्त) |
| 125 यूनिट से अधिक | ₹80 / किलोवाट | ₹5.42 |
6. क्या इस योजना से जुड़ने के लिए कोई शर्त है?
पहले से ही बिजली बिल पर राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत अनुदान दिया जा रहा है। विस्तारित योजना 125 यूनिट प्रतिमाह खपत तक फ्री बिजली के पात्र सभी घरेलू उपभोक्ता होगें।
7. यदि कोई उपभोक्ता सोलर प्लांट नहीं लगाता, तो क्या उसे लाभ बंद हो जाएगा?
नहीं, लेकिन तीन वर्ष के अन्दर सौर ऊर्जा संयंत्र (solar power plant) स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित किया जाएगा, जिसके लिए एक सहमति आधारित कार्यप्रणाली तैयार की जाएगी।
8. उपभोक्ता को कैसे पता चलेगा कि उसे कितनी सब्सिडी मिली?
बिजली बिल में "राज्य सरकार का अनुदान" हेडलाइन से कुल सब्सिडी की जानकारी स्पष्ट रूप से लिखी होगी। इसमें शामिल होगा।
- 125 यूनिट तक की पूरी सब्सिडी
- यदि अधिक खपत हो, तो अतिरिक्त सब्सिडी (उपभोक्ता वर्ग के अनुसार)
9. एक निजी घर में 10 किरायेदार रहते हैं, उनके लिए अलग मीटर भी लगा है। उन्हें सरकार की इस छूट का फायदा कैसे पहुंचेगा?
यदि किरायेदार SBPDCL/NBPDCL वैध उपभोक्ता है तो उन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा।
10. जिन्होंने सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया है, उनको इस योजना का लाभ कैसे मिलेगा?
जिन उपभोक्ताओं ने सौर ऊर्जा संयंत्र लगवा लिया है, उन्हें उनके बिलिंग के दौरान वितरण कम्पनी से ली गई बिजली (Import) में से उनके द्वारा वितरण कम्पनी को दी गई बिजली (Export) को घटाते हुए शेष बचे हुए यूनिट पर 125 यूनिट तक फ्री बिजली का लाभ मिलेगा।
