पटना बख्तियारपुर के दुकान में लगी आग से घर के अंदर मचा कोहराम, दो महिलाओं और छह माह की बच्ची की मौत
बख्तियारपुर के पुरानी बाईपास क्षेत्र में एक पार्ट्स दुकान में भीषण आग लगने से दो महिलाओं और एक छह माह की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस और दमकल टीम ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद घर के अंदर से तीनों शव निकाले गए।

घटना के बाद रोते बिलखते परिजन
HighLights
बख्तियारपुर के पार्ट्स दुकान में लगी भीषण आग
दो महिलाओं और छह माह की बच्ची की मौत
पुलिस और दमकल ने आग पर पाया काबू
जागरण संवाददाता, बख्तियारपुर(पटना)। बख्तियारपुर के पुरानी बाईपास क्षेत्र में शनिवार शाम घर के बाहरी हिस्से में स्थित पार्ट्स दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकानदार पंकज साव और उनके बेटे प्रतीक ने बाहर निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस और दमकल टीम ने घंटों की मशक्कत
आग की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दस्ता मौके पर पहुंचा। दमकलकर्मियों ने घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद घर के अंदर फंसे लोगों की तलाश शुरू की गई।
अंदर से निकाली गईं दो महिलाएं और छह माह की बच्ची
खोजबीन के दौरान दो महिलाओं और एक छह माह की बच्ची को घर के अंदर से बाहर निकाला गया। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में स्वजन के बीच चीख-पुकार मच गई।
मृतकों में महिला, सास और पड़ोस की नतिनी
मृतकों की पहचान रीमा देवी (45), पत्नी पंकज कुमार, गीता देवी, पंकज कुमार की सास और छह माह की अशोक सुंदरी के रूप में हुई है। अशोक सुंदरी हिसुआ, नवादा निवासी शिवम साह की पुत्री बताई जा रही है और पड़ोस की नतिनी थी।
अस्पताल पहुंची पुलिस, घटना की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ समेत पुलिस के अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है। घटना के बाद इलाके में मातम और अस्पताल में रुदन-क्रंदन का माहौल बना हुआ है।
