Bihar News: नीरज कुमार का ललन सिंह पर बड़ा हमला, बोले- बधाई लेने का सवाल ही नहीं; राजनीतिक कर्ज सूद समेत लौटाऊंगा
पटना स्नातक एमएलसी चुनाव जीतने के बाद जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर तीखा हमला बोला, ...और पढ़ें

ललन सिंह से बधाई लेने का कोई सवाल ही नहीं
HighLights
नीरज कुमार ने ललन सिंह से बधाई लेने से साफ इनकार किया।
चुनाव में हुई परेशानियों पर नीरज कुमार ने जताई नाराजगी।
राजनीतिक कर्ज सूद समेत लौटाने की बात कही नीरज कुमार ने।
राज्य ब्यूरो, पटना। विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीतने वाले जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि ललन सिंह से बधाई लेने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। नीरज के इस बयान से जेडीयू के भीतर सियासी चर्चा तेज हो गई है।
बोले- आखिर मेरा क्या गुनाह था?
नीरज कुमार ने चुनाव के दौरान आई मुश्किलों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि आखिर उनका क्या गुनाह था, जो उन्हें पूरी चुनावी प्रक्रिया में इतनी परेशानियां झेलनी पड़ीं। उनके बयान से साफ है कि चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर उनकी नाराजगी अब भी बरकरार है।
अनंत सिंह के विरोध का भी किया जिक्र
चुनाव के दौरान मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह खुले तौर पर नीरज कुमार का विरोध कर रहे थे। इस मामले में जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने ललन सिंह को अनंत सिंह को समझाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। हालांकि, यह कोशिश सफल नहीं हो सकी और विवाद बना रहा।
राजनीतिक कर्ज सूद समेत लौटाने की बात
नीरज कुमार ने कहा कि जिन्हें उन्हें बधाई देनी है, वे बधाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को लेकर कहा कि उनके माता-पिता और पूर्वजों ने सिखाया है कि कर्ज लिया जाए तो उसे वापस जरूर करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अगर राजनीति में यह कर्ज है, तो वह इसे सूद समेत वापस करेंगे।
नीतीश का आशीर्वाद, निशांत का सहयोग
नीरज कुमार ने अपनी जीत के पीछे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आशीर्वाद और निशांत के सहयोग का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी दल मजबूती के साथ उनके साथ रहे। नीरज ने यह भी कहा कि उनकी राजनीतिक पहचान और उनके रुख को सभी लोग अच्छी तरह समझते हैं।
अनंत सिंह से समझौते की संभावना से इनकार
अनंत सिंह से आशीर्वाद लेने या सुलहनामे के सवाल पर नीरज कुमार ने साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि ऐसा संभव ही नहीं है और उन्होंने कभी सुलह करने के लिए प्रयास भी नहीं किया। उनके इस बयान से दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक तल्खी कम होने के संकेत फिलहाल नहीं दिख रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।