बिहार में 1 नवंबर से शुरू होगी धान की खरीद, किसानों को मिलेगा 2441 रुपये प्रति क्विंटल
बिहार में 1 नवंबर से धान की खरीद 2441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से शुरू होगी, जो पिछले साल ...और पढ़ें

बिहार में 1 नवंबर से शुरू होगी धान की खरीद, किसानों को मिलेगा 2441 रुपये प्रति क्विंटल (AI Generated Image)
HighLights
1 नवंबर से 2441 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीद।
सामान्य धान पर 72 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि।
किसानों को कृषि पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य।
राज्य ब्यूरो, पटना। एक नवंबर से राज्य में 2441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान अधिप्राप्ति होगी। इसकी तैयारियों को लेकर सहकारिता विभाग ने दिशा-निर्देश जारी किया है। इसके मुताबिक, केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य के आधार पर 2441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सामान्य धान की खरीद होगी। यह दर पिछले वर्ष 2025-26 से 72 रुपये अधिक है।
विगत वर्ष सामान्य धान 2,369 प्रति क्विंटल की दर से खरीद हुई थी। वहीं, ए-ग्रेड धान की खरीद इस वर्ष 2461 प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी, जबकि बीते वर्ष ए-ग्रेड धान 2389 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद की गई थी।
इस प्रकार इस वर्ष ए-ग्रेड धान की खरीद में प्रति क्विंटल 72 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। विभाग ने पर्याप्त मात्रा में जूट बोरों और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश सभी पैक्सों और व्यापार मंडलों को दिया है। राज्य में एक नवंबर से 31 मार्च तक धान की खरीद होगी।
विभाग ने धान की सरकारी खरीद में बोरों की कमी से होने वाली परेशानी से बचने के लिए इस बार पहले से तैयारी करने का आदेश सभी जिलों को दिया है।
केंद्र सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की खरीद की जाएगी। इसके लिए जिन किसानों ने अभी तक कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीयन नहीं कराया है, उन किसानों से जल्द से जल्द ऑनलाइन पंजीयन कराने की अपील की गई है।
विगत वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार ने 36.85 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य दिया था जिसके विरुद्ध 36.79 लाख टन धान की सरकारी खरीद हुई थी।
वहीं, इस बार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने राज्य में निर्धारित धान खरीद के लक्ष्य को 35 लाख टन से बढ़ाकर 50 लाख टन करने की मांग केंद्र सरकार से की है। उनके मुताबिक केंद्र सरकार ने बिहार में धान खरीद का लक्ष्य 35 लाख टन निर्धारित किया है।
