Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    IPL में बिहारी ब्रिगेड का धमाका: इशान का जलवा, वैभव का तूफान, साकिब की रफ्तार से हिला मैदान

    Updated: Thu, 16 Apr 2026 03:44 PM (IST)

    Bihar Players Dominate IPL: इंडियन प्रीमियर लीग में बिहार के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आठ बिहारी खिलाड़ी विभिन्न टीमों का हिस्सा हैं, जिनमें ...और पढ़ें

    HighLights

    1. इशान किशन ने सनराइजर्स की कमान संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की।

    2. वैभव सूर्यवंशी ने सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

    3. साकिब हुसैन ने अपने पदार्पण मैच में प्रभावशाली गेंदबाजी से सबको चौंकाया।

    अक्षय पांडेय,पटना। Bihar cricket talent इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में इसबार सीमा रेखा के बाहर जीती गेंदें और चटकते विकेट के रोमांच में बिहारी तड़का भी है। कभी संसाधनों की कमी के लिए चर्चा में रहने वाला प्रदेश बैट-बाल के खेल वाली दुनिया की सबसे बड़ी लीग में प्रतिभा के बल पर क्रिकेट की नर्सरी बनकर उभर रहा है।

    टी-20 क्रिकेट के इस सत्र में आठ बिहारी अलग-अलग टीमों का हिस्सा हैं। इनमें से पांच पिच पर अपना दम दिखा प्रतिद्वंद्वी टीमों को पस्त कर चुके हैं।

    आइपीएल के साथ देश-दुनिया में 15 साल की प्रतिभा सबको आश्चर्यचकित कर रही है। समस्तीपुर के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रायल्स टीम का हिस्सा हैं।

    भारतीय टीम को टी-20 विश्वकप दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले पटना के इशान किशन के पास इस बार सनराइजर्स हैदराबाद की कमान है।

    रोहतास के हरफनमौला खिलाड़ी अनुकूल राय कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए मीडिल ओवर की अहम कड़ी हैं। भारत के लिए खेल चुके गोपालगंज के अनुभवी तेज गेंदबाज मुकेश कुमार दिल्ली कैपिटल्स के लिए मैदान पर उतरते हैं।

    इम्पैक खिलाड़ी के रूप में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पहला मैच खेल अपनी छाप छोड़ने वाले गोपालगंज के साकिब हुसैन अब सबकी नजरें टिकी हैं।

    सांसद पप्पू यादव के पुत्र सार्थक रंजन केकेआर और तेज गेंदबाज मो. इजहार मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा हैं। भारत के लिए खेल चुके आकाशदीप केकेआर टीम का हिस्सा हैं, हालांकि अभी अनफिट होने के कारण मैदान से बाहर हैं।

    इशान कप्तान संग भरोसेमंद बल्लेबाज

    27 वर्षीय कप्तान इशान किशन ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण के दौरान फुर्ती से न केवल विपक्षी टीमों के पसीने छुड़ाए, बल्कि सनराइजर्स को जीत दिलाई।

    आइपीएल के उद्घाटन मुकाबले में ही इशान ने शानदार 80 रन बना डाले। इसके बाद तीन मैचों में उन्होंने टीम के लिए छोटे-छोटे योगदान दिए।

    पांचवें मुकाबले में वे सनराइजर्स की जीत के नायक बने। 91 रनों की पारी खेल टीम को 57 रनों से जीत दिलाई।

    क्रिस गेल का रिकार्ड तोड़ने को बेताब वैभव

    पटना की जेनेक्स अकादमी में मनीष ओझा से खेल के गुर सीखने वाले समस्तीपुर के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट पंडितों को हैरान कर रहे हैं।

    बतौर सलामी बल्लेबाज उनकी तकनीक और निडर अंदाज ने टीम को वह मजबूत शुरुआत दी, जिसकी दरकार बड़े मैचों में होती है।

    इस बार खेले पांच मैचों में वैभव 200 रन बना चुके हैं। इसमें 26 गेंदों में सात छक्कों और आठ चौकों की मदद से बनाए 78 और पांच छक्कों और चार चौकों से सजी 17 गेंद में 52 की पारी भी शामिल है।

    आइपीएल की शुरुआत से पहले वैभव कह चुके हैं कि उनकी नजर वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी क्रिस गेल के आरसीबी के लिए बनाए 175 रनों पर है।

    एक मैच खेल साकिब ने कर दिया प्रभावित

    गोपालगंज 21 वर्षीय तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने एकमात्र मैच में अपनी रफ्तार, आफ कटर और स्लो गेंदों से से विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया।

    साकिब ने न केवल किफायती गेंदबाजी की, बल्कि डेथ ओवर्स में विकेट चटकाकर अपनी टीम के लिए मैच जिताऊ खिलाड़ी की भूमिका निभाई।

    साकिब के पिता ने मजदूरी कर बेटे को आइपीएल जैसे बड़े मंच तक पहुंचाया। स्वजनों के साथ इशान और कोच वरुण ऐरन को अपनी सफलता का श्रेय देने वाले साकिब ने अपने पदार्पण मैच में भारत के लिए खेल चुके यशस्वी जायसवाल को अपना पहला शिकार बनाया।

    खबरें और भी

    इसके बाद साउथ अफ्रीका के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डोनावन फरेरा और दो अन्य विकेट लेकर अजेय राजस्थान विजय रथ रोक दिया।

    अनुभव के मोर्चे पर अव्वल मुकेश कुमार

    अनुभव के मोर्चे पर गोपालगंज के ही 32 साल के मुकेश कुमार ने अपनी लाइन और लेंथ से सबको प्रभावित किया है।

    अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव उनके खेल में साफ झलकता है। दबाव की स्थिति में भी संयम के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं।

    इस बार दिल्ली कैपिटल्स के लिए आइपीएल में खेले चार मैचों में वे चार विकेट ले चुके हैं। मुकेश टीम की गेंदबाजी की कड़ी का अहम हिस्सा हैं।

    फिरकी से परेशान करने में माहिर अनुकूल

    रोहतास के 27 वर्षीय अनुकूल राय ने अपनी फिरकी से टीम को संतुलन प्रदान किया है। अनुकूल के क्षेत्ररक्षण और महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट निकालने की क्षमता ने उन्हें टीम का 'इंपैक्ट प्लेयर' बनाए रखा है।

    कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए इस बार वे पांच मैचों का हिस्सा रह हैं। चार पारियों में वे चार विकेट ले चुके हैं। लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट उनका इसबार का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

    आकाशदीप चोटिल, सार्थक-इजहार को अवसर का इंतजार

    जहां एक तरफ बिहार के खिलाड़ी मैदान मार रहे हैं, वहीं कुछ मायूसी भी हाथ लगी है। कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रोहतास निवासी आकाशदीप अनफिट होने के कारण फिलहाल मैदान से बाहर हैं।

    उनकी अनुपस्थिति टीम को खल रही है। सैयद मुश्ताक अली टी-20 में पांच मैच में नौ विकेट लेकर अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का सुपौल के 21 वर्षीय मोहम्मद इजहार ने ध्यान खींचा था।

    तेज गेंदबाज इजहार लेंथ आगे-पीछे करने और फुर्तीले एक्शन से धीमी गेंद फेंकने में महारत हासिल रखते हैं। दिल्ली में अभ्यास कर खुद में निखार लाने वाले सार्थक आनंद अपनी तेज बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।

    इजहार और सार्थक अभी अंतिम एकादश में स्थान बनाने की प्रतीक्षा में हैं। हालांकि, नेट पर दिग्गज गेंदबाजों और बल्लेबाजों संग पसीना बहा ये क्रिकेटर भविष्य की उम्मीद बने हैं।

    क्रिकेट से बढ़ती रोजगार की संभावनाएं

    आइपीएल जैसे बड़े मंचों पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन से क्रिकेट के क्षेत्र में बड़ा बाजार भी पनप रहा है। क्रिकेट किट, जर्सी, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन की मांग बढ़ी है।

    राजधानी में ही 40 से अधिक अकादमियों में बैट-बाल वाले खेल के गुर सिखाए जा रहे हैं। कोच, फिटनेस एक्सपर्ट, प्रबंधक, इवेंट मैनेजर, मीडिया मैनेजर, ग्राउंट्स मैन, खिलाड़ियों के लिए आवास, खान-पान और परिवहन सेवा के क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।

    एक अनुमान के मुताबिक खेल सामग्री की बिक्री में 30-40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

    राजगीर का अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनकर तैयार है। हालांकि अभी ये बीसीसीआइ के क्यूरेटर की नजर में है।

    पटना के मोइनुल हक स्टेडियम को पुनर्निमाण शुरू हो गया है। बीसीए के अनुसार इसे दो वर्ष में अंतरराष्ट्रीय मैदान के रूप में विकसित कर लिया जाएगा।

    1. इशान किशन: विस्फोटक शुरुआत और शानदार क्षेत्ररक्षण
    2. वैभव सूर्यवंशी: आक्रामक सलामी बल्लेबाजी में निरंतरता
    3. साकिब हुसैन: डेथ ओवर्स का नया स्टार।
    4. मुकेश कुमार: सटीक स्विंग और अनुभव।
    5. अनुकूल राय: भरोसेमंद हरफनमौला खिलाड़ी।