विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब‍िहार में दारोगा भर्ती मुख्य परीक्षा रद: BPSSC ने दिया अपडेट, अब नई तारीख का इंतजार

Published: Wed, 23 Sep 2026 01:45 PM (IST)Updated: Wed, 23 Sep 2026 02:06 PM (IST)

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने 27 मई को हुई दारोगा भर्ती मुख्य लिखित परीक्षा अपरिहार्य कारणों से रद ...और पढ़ें

बिहार पुलिस दारोगा भर्ती की मुख्‍य परीक्षा रद।

बिहार पुलिस दारोगा भर्ती की मुख्‍य परीक्षा रद।

HighLights

  1. बिहार दारोगा मुख्य लिखित परीक्षा रद करने की घोषणा की गई।

  2. BPSCC ने अपरिहार्य कारणों से परीक्षा रद करने का निर्णय लिया।

  3. नई परीक्षा तिथि की सूचना जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी।

राज्‍य ब्‍यूरो, पटना। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने 27 मई को दो पालियों में हुई दारोगा भर्ती मुख्‍य लिखित परीक्षा रद कर दी है। 

BPSSC ने इसकी सूचना जारी की है। इसमें बताया गया है कि अपर‍िहार्य कारणों से परीक्षा रद की जाती है। परीक्षा की नई त‍िथ‍ि के संबंध में अलग से सूचित किया जाएगा। 

आध‍िकारिक वेबसाइट ही देखें अभ्‍यर्थी 

परीक्षा‍र्थ‍ियों से अपील की गई है क‍ि वे अधिकृत सूचनाओं के ल‍िए आधि‍कारिक वेबसाइट को ही देखें। क‍िसी भी माध्‍यम से असामाज‍िक तत्‍वों द्वारा फैलाई जा रहे भ्रामक सूचनाओं पर ध्‍यान नहीं दें।  

ईओयू ने दारोगा भर्ती परीक्षा की प्राथमिक जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी, जिसके बाद परीक्षा रद करने का आदेश आयोग के स्तर से जारी किया गया है।

बता दें कि दारोगा के 1,799 पदों के लिए मई में आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा में धांधली के आरोप लगे थे। इसके बाद ईओयू ने मामले की जांच शुरू की गई। 

पूर्णिया और गया में दर्ज प्राथमिकी के अलावा दूसरे जिलों से भी आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को शिकायत और साक्ष्य उपलब्‍ध कराए गए। 

हेल्पलाइन नंबर समेत विभिन्न माध्यमों से मिले साक्ष्यों में लिखित परीक्षा के प्रश्न-पत्र की कुछ तस्वीरें भी शामिल हैं। EOU ने इन तस्वीरों की सत्यता की जांच के लिए BPSSC को पत्र भेजकर विस्तृत जानकारी मांगी थी। 

BPSSC 1

प्रश्न-पत्र की तस्वीर असली है या नहीं, आयोग से मांगी जानकारी

बताया जाता है क‍ि अभ्यर्थियों और छात्रों से मिली तस्वीरों के संबंध में आयोग से कई बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है। इनमें यह भी पूछा गया है कि प्रश्न-पत्र या बुकलेट की तस्वीरें वास्तविक हैं या नहीं। 

यदि सही हैं तो किस परीक्षा केंद्र और किस अभ्यर्थी से संबंधित हैं। दरअसल, प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र पर विशेष कोड होता है। इस कोड से संबंधित प्रश्न-पत्र के परीक्षा केंद्र और अभ्यर्थी की जानकारी का पता लगाया जा सकता है।

इसी आधार पर EOU ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी से जानकारी मांगी है और अब जवाब का इंतजार कर रही है।

पूर्णिया और गया के बाद दूसरे केंद्रों पर भी जांच

दारोगा भर्ती परीक्षा में धांधली की शिकायत पर पूर्णिया और गया के रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इन मामलों को पिछले माह EOU ने अपने हाथ में लिया था। विशेष जांच दल (SIT) का भी गठन किया गया।

EOU अब यह भी पता लगा रही है कि पूर्णिया और गया में सामने आए पैटर्न के आधार पर किसी अन्य जिले या परीक्षा केंद्र पर भी गड़बड़ी हुई है या नहीं। 

35857 अभ्यर्थी हुए थे शामिल

BPSSC दारोगा भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और अभिलेख सत्यापन को पहले ही अगले आदेश तक स्थगित किया जा चुका है। प्रारंभिक लिखित परीक्षा में करीब 35,857 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

इनमें 414 अभ्यर्थियों को कदाचार और अन्य कारणों से अयोग्य घोषित किया गया है। फिलहाल EOU की जांच में प्रश्न-पत्र की तस्वीरों से जुड़े साक्ष्यों की पुष्टि और उनके स्रोत का पता लगाना महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- दारोगा भर्ती परीक्षा में जांच के बीच नया सवाल, वीडियो फुटेज में मोबाइल चलाते दिखे वीक्षक; EOU ने आयोग से मांगा जवाब