बिहार में बदला पुलिस का तेवर: सिवान में हत्यारा ढेर; सम्राट सरकार के 18 दिन में 4 एनकाउंटर
बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के गठन के बाद पुलिस का अपराधियों के प्रति सख्त रवैया दिख रहा है। हाल ही में सिवान में एक हत्यारे सोनू यादव को मुठभेड़ में ...और पढ़ें

सिवान एनकाउंटर में ढेर सोनू यादव और दो दिन पूर्व जख्मी छोटू यादव।
HighLights
सम्राट चौधरी सरकार में पुलिस का सख्त एक्शन।
सिवान में हत्या का मुख्य आरोपी सोनू यादव ढेर।
पिछले 18 दिनों में बिहार में 4 पुलिस मुठभेड़।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही पुलिस की कार्रवाई का अंदाज़ बदला हुआ दिख रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पदभार संभालने के बाद अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त एक्शन देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों में हुए एनकाउंटर इस बदलाव की ओर साफ इशारा कर रहे हैं।
15 अप्रैल को शपथ ग्रहण के बाद से अब तक पुलिस चार एनकाउंटर कर चुकी है, जिनमें दो फुल एनकाउंटर और दो हाफ एनकाउंटर शामिल हैं।
छह महीने में कई अपराधी आए पुलिस के शिकंजे में
वहीं, पिछले छह महीनों में कुल 18 एनकाउंटर दर्ज किए गए हैं। ताज़ा मामला सिवान जिले से सामने आया है, जहां रविवार तड़के पुलिस ने एक बड़े आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया।
सुबह करीब चार बजे जामो थाना क्षेत्र के लद्दी गांव में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने सोनू यादव को घेर लिया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह मौके पर ही ढेर हो गया।
सोनू यादव, भाजपा के पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह के भांजे की हत्या का मुख्य आरोपी था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, लूट समेत कई संगीन मामलों में केस दर्ज थे। घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
रोड रेज में दिया था हत्याकांड को अंजाम
इससे पहले इसी केस में छोटू यादव नामक अपराधी को पुलिस ने हाफ एनकाउंटर में पकड़ा था, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी।
अगर हालिया घटनाक्रम पर नज़र डालें, तो 22 अप्रैल को पटना में ज्वेलरी शॉप लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था।
इसके बाद 29 अप्रैल को भागलपुर में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या के आरोपी रामधनी सिंह यादव को भी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया।
30 अप्रैल को सिवान के हर्ष हत्याकांड में भी पुलिस ने पहले एक आरोपी को हाफ एनकाउंटर में लंगड़ा किया और फिर दो दिन के भीतर मुख्य आरोपी को ढेर कर दिया।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि बिहार पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। हालांकि, इन एनकाउंटरों को लेकर कानून व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई पर बहस भी तेज होने की संभावना है।