यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: केंद्र सरकार में गंभीर भागीदारी का अहसास, कैबिनेट की समितियों में बिहार के चार मंत्रियों को जगह
Bihar Politics प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में बिहार की महत्वपूर्ण भागीदारी है। इसका ख्याल केंद्र सरकार भी रख रही है। मं ...और पढ़ें

HighLights
- पीएम मोदी ने बिहार के चार मंत्रियों को कैबिनेट की समितियों में दी जगह
- सहयोगी दलों में सांसदों की अधिक संख्या के कारण जदयू को प्राथमिकता दी गई।
- जीतनराम मांझी, चिराग पासवान, गिरिराज सिंह समेत 4 को समिति में मिली जगह
राज्य ब्यूरो, जागरण। Bihar Political News Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में बिहार की महत्वपूर्ण भागीदारी है। इसका ख्याल केंद्र सरकार भी रख रही है। मंत्रिपरिषद में राज्य के आठ सांसदों को जगह मिली है। दूसरी तरफ केंद्र सरकार की शक्तिशाली कैबिनेट समितियों में राज्य के चार मंत्रियों को समाहित किया गया है।
भाजपा की तुलना में सहयोगी दलों को अधिक महत्व
सबसे बड़ी बात यह कि भाजपा की तुलना में सहयोगी दलों को अधिक महत्व दिया गया है। राज्य से एनडीए के लोकसभा सांसदों की संख्या 30 है। इनमें भाजपा के 12 और सहयोगी दलों के 18 (जदयू-12, लोजपा-05 और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा 01)सांसद हैं।
नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल में भले ही बिहार के एनडीए के सांसदों की संख्या 39 थी, लेकिन, ये सब सरकार चलाने के लिए अपरिहार्य नहीं थे।
जदयू को प्राथमिकता
सहयोगी दलों में सांसदों की अधिक संख्या के कारण जदयू को प्राथमिकता दी गई। उसे न सिर्फ मंत्रिपरिषद में दो सीटें मिली हैं, बल्कि दो महत्वपूर्ण समितियों में भी जगह दी गई है। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह आर्थिक मामलों की समिति के सदस्य बनाए गए हैं।इस समिति में प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री भी रहते हैं। ललन सिंह संसदीय मामलों की समिति के भी सदस्य बनाए गए हैं।
जीतन राम मांझी को भी जगह
हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को राजनीतिक मामलों की समिति का सदस्य बनाया गया है। महत्वपूर्ण निवेश एवं विकास समिति में भी बिहार के दो मंत्रियों-गिरिराज सिंह और चिराग पासवान को रखा गया है। गिरिराज कपड़ा और चिराग खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हैं।
खबरें और भी
संकेत यह कि आने वाले दिनों में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बिहार को एक और जगह मिलेगी। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा राज्यसभा जाएंगे। राजद की डा. मीसा भारती और भाजपा के डा. विवेक ठाकुर के लोकसभा में जाने के कारण राज्यसभा की दो सीटें रिक्त हुई हैं। उन्हीं में से एक पर उपेंद्र कुशवाहा जाएंगे। अगले साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उपेंद्र कुशवाहा के भी मंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है।