विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Politics: नीतीश कुमार बोले- अब इधर-उधर नहीं जाएंगे; लालू ने कहा- यह सब बातें वे ही जानें

Published: Fri, 25 Oct 2024 08:13 PM (IST)

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रचार करने की घोषणा की जहां तेजस्वी यादव पहले से ...और पढ़ें

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। फाइल फोटो
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) भी झारखंड में चुनाव प्रचार (Jharkhand Election 2024) करने जाएंगे। शुक्रवार को मीडिया के प्रश्न पर उन्होंने स्वयं इसकी घोषणा की। लालू ने अपने पुराने अंदाज में कहा कि तेजस्वी तो वहां पहले से ही प्रचार अभियान में जुटे हैं। मैं भी जाऊंगा। झारखंड में आईएनडीआईए की जीत तय है।

उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा चुनाव मेंं आईएनडीआईए के बैनर तले राजद को छह सीटें मिली हैं। हालांकि, कोडरमा से उसके पूर्व घोषित प्रत्याशी सुभाष कुमार यादव को हाई कोर्ट ने नामांकन की अनुमति नहीं दी है।

'नीतीश कुमार बोलते कब हैं?'

भाजपा सांसद प्रदीप सिंह के बयान (अररिया में रहना है तो हिंदू बनना होगा) पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की चुप्पी पर भी लालू ने कटाक्ष किया। लालू ने कहा कि नीतीश कुमार बोलते कब हैं?

नीतीश कुमार के बयान (अब इधर-उधर नहीं जाएंगे) के संदर्भ में में पूछे जाने पर लालू का अंदाज बड़ा ही सधा हुआ रहा। बोले- यह सब बातें वे ही जानें।

राजद ने लालू को बताया 'भारत रत्न' के लिए सबसे सुयोग्य

अभी यह एक-दो की आवाज है, जिसे कई मुंह मिल जाएं तो आश्चर्य नहीं। मांग ही कुछ ऐसी है। राजनीति और समाज मेंं अतुलनीय योगदान और अविस्मरणीय कार्यों के लिए प्रवक्ता एजाज अहमद ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को भारत रत्न से विभूषित करने की मांग की है। राजद के अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ के रंजीत रजक द्वारा सड़कों पर इससे संबंधित पोस्टर भी लगाए गए हैं।

शुक्रवार को वीडियो जारी कर एजाज ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के बाद बिहार की राजनीति मेंं सर्वाधिक महत्वपूर्ण योगदान लालू प्रसाद का रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तो सांप्रदायिक शक्तियों को अपनी गोद में बिठा लिया है। ध्वस्त होते पुल-पुलिया विकास पुरुष वाली उनकी छवि की पोल खोल देते हैं। लालूजी के काम ऐतिहासिक हैं।

उन्होंने कहा, दलितों, शोषितों और वंचितों के हित में सत्ता में रहते जो काम किया, उन्हें जो मान-सम्मान दिया, उससे गरीबों के जीवन में बदलाव आया और उनका मनोबल बढ़ा। केंद्र सरकार को चाहिए कि उन्हें भारत रत्न से विभूषित करे। इस अलंकरण के लिए उनसे सुयोग्य कोई दूसरा नहीं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले जदयू द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न दिए जाने की मांग हो चुकी है।

लालू को 'भारत रत्न' की मांग पर भाजपा ने ली चुटकी

राजद की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री लालू यादव को भारत रत्न दिए जाने की मांग पर भाजपा ने चुटकी ली है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू ने अपने 40 साल के राजनीतिक जीवन में जितने घोटाले किए, उसे देखते हुए उन्हें 'भारत लूट रत्न' दिया जाना चाहिए।

चौधरी ने कहा कि जब लालू मुख्यमंत्री बने, तब चारा घोटाला किया। इसके चार मामलों में उन्हें ऐसी सजा हुई कि अब वे मुखिया का भी चुनाव नहीं लड़ सकते। लालू की सरकार में चारा घोटाला के अलावा अलकतरा घोटाला, घोटाला भी हुआ। यही नहीं, केंद्र सरकार में रेल मंत्री बने, तब नौकरी के बदले जमीन घोटाला किया और रेलवे के होटल बेच दिए।

सीतामढ़ी में राजद ने खिरहर को बनाया कार्यकारी जिलाध्यक्ष

शैलेंद्र कुमार उर्फ कब्बू खिरहर को राजद ने सीतामढ़ी जिला में पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया है। अनिल कुमार यादव ''लोहिया'' को झंझारपुर जिला में संगठन प्रधान महासचिव बनाया गया है। इन दोनों का मनोनयन शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने किया।

राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने बताया कि दोनों का मनोनयन तत्काल प्रभाव से प्रभावी हो गया है। पूर्व विधायक सुनील कुशवाहा सीतामढ़ी में राजद के जिलाध्यक्ष हैं। पार्टी के सदस्यता अभियान और अपने विधानसभा क्षेत्र में व्यस्तता के कारण उन्हें संगठन के रूटीन कार्यों के लिए एक सक्षम सहयोगी की आवश्यकता थी। राजद को अपेक्षा है कि खिरहर उस कसौटी पर खरे उतरेंगे।

ये भी पढ़ें- चिराग पासवान या पशुपति पारस, अब किसका पक्ष लेंगे CM नीतीश कुमार? पटना में फिर गर्म हुई सियायत

ये भी पढ़ें- 'नीतीश और गिरिराज में कोई अंतर नहीं', पुराने अंदाज में दिखे लालू; कहा- मेरे रहते कोई दंगा नहीं करा सकता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।