यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar News: 10 हजार करोड़ से बदलेगा बिहार का रेलवे नेटवर्क, 57 प्रोजेक्ट्स पर चल रहा काम
बिहार में रेलवे नेटवर्क के विकास के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है। इस निवेश से 57 रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है जिसमें 534 ...और पढ़ें

HighLights
- इस वर्ष बिहार के लिए रेलवे ने दस हजार करोड़ से अधिक राशि की आवंटित
- मलेशिया के बराबर बिहार में कुल रेल नेटवर्क
- राज्य में सौ प्रतिशत रेल विद्युतीकरण का काम पूरा
जागरण संवाददाता, पटना। भारतीय रेलवे ने इस वर्ष बिहार की विभिन्न योजनाओं के लिए दस हजार करोड़ से अधिक की राशि आवंटित की है। बिहार में वर्तमान में प्रतिवर्ष 167 किलोमीटर नई रेल लाइन का निर्माण किया जा रहा है।
इसके अलावा, बिहार में पिछले दस वर्षों में 275 किलोमीटर रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण किया जा चुका है। ये बातें सोमवार को केंन्द्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कांफ्रेसिंग में कहीं। वे ऑनलाइन संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे के लिए इस वर्ष 2,52,200 करोड़ आवंटित किया गया है। मंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में बिहार में 1832 किलोमीटर नई लाइन का निर्माण किया जा चुका है।
यह लगभग मलेशिया के कुल रेल नेटवर्क के बराबर है। साथ ही बिहार में रेलवे की ओर से सौ प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य किया जा चुका है।
57 रेल परियोजनाओं पर किया जा रहा कार्य
रेलमंत्री ने कहा कि बिहार में 57 रेल परियोजनाओं के लिए काम किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 5346 किलोमीटर की नई रेल लाइन, दोहरीकरण एवं आमान परिवर्तन का कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं पर 86, 458 करोड़ की लागत आएगी।
98 अमृत भारत स्टेशनों का हो रहा विकास
रेलमंत्री ने कहा कि बिहार में वर्तमान में 98 अमृत भारत स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। इन स्टेशनों के विकास पर रेलवे की ओर से 3164 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे।
बिहार में कुल-मिलाकर 90 हजार करोड़ के निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 1783 किलोमीटर कवच लगाने की योजना बनाई गई है।
12 वंदे भारत ट्रेनों का किया जा रहा परिचालन
बिहार में वर्तमान में 12 वंदे भारत ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। ये ट्रेनें राज्य के 15 जिलों से होकर गुजरती हैं। इसके अलावा बिहार के दरभंगा से एक अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Budget 2025: यात्रियों के लिए खुशखबरी! टाटानगर से दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस; स्टेशनों का होगा कायाकल्प
ये भी पढ़ें- Railway News: AC कोच में कॉकरोच का आतंक... गंदे बेडरोल पर भी भड़क उठे यात्री, रेलवे विभाग तक पहुंची ढेर सारी शिकायत