बिहार-यूपी के रेल यात्रियों को राहत, स्पेशल ट्रेनों की मियाद बढ़ी; अहमदाबाद-पटना के बीच चलेगी नई ट्रेन
रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी है। इसके अतिरिक्त, अहमदाबाद और पटना के बीच एक नई विशेष ट्रे ...और पढ़ें

HighLights
कई स्पेशल ट्रेनों की परिचालन अवधि बढ़ाई गई।
अहमदाबाद-पटना के बीच नई विशेष ट्रेन चलेगी।
बिहार, यूपी, दिल्ली यात्रियों को मिलेगा लाभ।
जागरण संवाददाता, पटना। यात्रियों की लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि विभिन्न मार्गों पर चल रही स्पेशल ट्रेनों का परिचालन निर्धारित अवधि से आगे भी जारी रहेगा।
इसके अलावा, अहमदाबाद और पटना के बीच भी एक जोड़ी विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 04014/04013 आनंद विहार-लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल की अवधि बढ़ा दी गई है।
आनंद विहार से यह ट्रेन 13 अगस्त तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को चलेगी, जबकि लौकहा बाजार से वापसी सेवा 18 अगस्त तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी। यह ट्रेन झंझारपुर, सकरी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा और गोरखपुर होकर चलेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 05506/05505 सहरसा-पूर्णिया कोर्ट-सहरसा स्पेशल का परिचालन भी बढ़ाया गया है।
सहरसा से पूर्णिया कोर्ट के लिए यह ट्रेन 31 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को तथा पूर्णिया कोर्ट से सहरसा के लिए तीन अगस्त तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन दौरम मधेपुरा और बनमनखी के रास्ते संचालित होगी।
रेलवे ने गाड़ी संख्या 05543/05544 रक्सौल-नरकटियागंज-रक्सौल स्पेशल का परिचालन भी 26 सितंबर तक जारी रखने का फैसला किया है। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को चलेगी।
इसके अलावा यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए 22 जुलाई को गाड़ी संख्या 09447 अहमदाबाद-पटना स्पेशल का परिचालन किया जाएगा। वहीं 24 जुलाई को गाड़ी संख्या 09448 पटना-अहमदाबाद स्पेशल चलाई जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय ट्रेन के समय और आरक्षण की जानकारी पहले से प्राप्त करने की अपील की है। इन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात और नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।