Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार के 540 स्कूल 'सरस्वती विद्या निकेतन' के रूप में होंगे विकसित, धर्मेंद्र प्रधान से मिले मिथिलेश तिवारी

    Updated: Wed, 10 Jun 2026 06:11 AM (IST)

    बिहार सरकार ने 540 नए और 155 मौजूदा स्कूलों को मिलाकर कुल 695 विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित करने का निर्णय लि ...और पढ़ें

    धर्मेंद्र प्रधान से मिले शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी। जागरण

    धर्मेंद्र प्रधान से मिले शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी। जागरण

    राज्य ब्यूरो, पटना। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट की। इस दौरान उन्होंने बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में चल रही गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

    मिथिलेश तिवारी ने बताया कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि राज्य के सभी जिला स्कूलों एवं प्रत्येक प्रखंड में स्थित एक-एक उच्च माध्यमिक विद्यालय को मिलाकर 540 विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित किया जाएगा।

    इसके अतिरिक्त, पूर्व से संचालित 155 राजकीय एवं राजकीयकृत विद्यालयों को भी इसी योजना के अंतर्गत उन्नत किया जाएगा। इस प्रकार बिहार में कुल 695 विद्यालय आदर्श विद्यालय के रूप में रूपांतरित होंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार की यह प्रतिबद्धता है कि प्रदेश का हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे।

    सरस्वती विद्या निकेतन इस दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। केंद्रीय मंत्री को यह जानकारी भी दी गई कि राज्य सरकार शिक्षा के आधुनिकीकरण के लिए एक बहुआयामी कार्यक्रम पर काम कर रही है।

    व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत प्रत्येक प्रखंड में दो विद्यालयों का चयन करते हुए कक्षा नौवीं से 12वीं तक के कुल 1,068 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा प्रयोगशालाओं का अधिष्ठापन किया जाएगा।

    इसी क्रम में राज्य में कुल 2,577 आइसीटी लैब्स का अधिष्ठापन एवं संचालन प्रस्तावित है, जिससे डिजिटल शिक्षा को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जा सके।

    साथ ही, राज्य के विद्यालयों में 25,220 स्मार्ट क्लास संचालित एवं स्थापित किए जाएंगे, जो तकनीक-सक्षम अध्यापन को सुनिश्चित करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने बिहार सरकार की इन पहलों की सराहना की और केंद्र सरकार के सहयोग का आश्वासन दिया।

    यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में गार्ड की नौकरी का रेट फिक्स? 10 से 16 हजार की मांग का आरोप

    खबरें और भी