विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार आ रहीं ट्रेनें 11 घंटे तक लेट, स्पेशल में पैंट्री कार भी नहीं; दीपावली पर घर लौट रहे यात्री बेहाल

Published: Fri, 06 Nov 2026 09:57 AM (IST)

दीपावली और छठ के लिए बिहार लौट रहे यात्रियों को ट्रेनें घंटों विलंब से चलने के कारण भारी परेशानी का ...और पढ़ें

पटना जंक्‍शन पर ट्रेन से उतरने और चढ़ने की जद्दोजहद। जागरण

पटना जंक्‍शन पर ट्रेन से उतरने और चढ़ने की जद्दोजहद। जागरण

HighLights

  1. दीपावली-छठ के लिए बिहार लौट रहे यात्री परेशान।

  2. पटना-दानापुर की ट्रेनें 5 से 11 घंटे तक विलंब।

  3. खानपान, साफ-सफाई की समस्या से यात्री जूझ रहे।

जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली-छठ के लिए बिहार लौट रहे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। पटना और दानापुर आने वाली लंबी दूरी की कई एक्सप्रेस, पूजा स्पेशल और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंच रही हैं।

रेलवे ऐप पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कई ट्रेनें पांच से 11 घंटे तक लेट चल रही हैं। इससे दूसरे राज्यों से घर लौटने वाले यात्रियों को स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

खासकर दक्षिण भारत, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

ऐसे में निर्धारित समय पर ट्रेनों के नहीं पहुंचने से प्लेटफार्म पर इंतजार करने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ रही है। परिवार और बच्चों के साथ सफर कर रहे लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

11 घंटे से अधिक विलंब से पहुंची दानापुर एक्सप्रेस

सबसे अधिक विलंब से पहुंचने वाली ट्रेनों में एसएमवीटी बेंगलुरु से आने वाली दानापुर एसएफ एक्सप्रेस (22366) शामिल है।

इसके पटना पहुंचने का निर्धारित समय रात 12:15 बजे था, लेकिन इसके सुबह 11:32 बजे पहुंचने की संभावना जताई गई। यह 11 घंटे 17 मिनट विलंब से चल रही थी।

इसी तरह चरलापल्ली से पटना आने वाली स्पेशल ट्रेन (03254) 10 घंटे 22 मिनट और संघमित्रा एक्सप्रेस (12295) 8 घंटे 56 मिनट विलंब से चल रही थी।

गुवाहाटी-बाड़मेर एक्सप्रेस (15632) करीब 7 घंटे 59 मिनट और हावड़ा से आने वाली पूजा स्पेशल (04053) 7 घंटे 39 मिनट विलंब से चल रही थी।

इसके अलावा कामाख्या फेस्टिवल स्पेशल (09711) 6 घंटे 14 मिनट, राजगीर जनसाधारण स्पेशल (09441) 6 घंटे 23 मिनट और साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287) 5 घंटे 7 मिनट विलंब से चल रही थी।

चार घंटे तक लेट चल रहीं कई स्पेशल ट्रेनें

पुणे से दानापुर आने वाली पूजा स्पेशल (01441) 4 घंटे 1 मिनट, हुब्बल्ली स्पेशल (07316) 4 घंटे 20 मिनट और पटना जनसाधारण स्पेशल (04404) 3 घंटे 44 मिनट विलंब से चल रही थी।

मदार से पटना आने वाली स्पेशल (09601) 3 घंटे 10 मिनट, अगरतला से मुंबई जाने वाली एलटीटी एसी एक्सप्रेस (15660) 2 घंटे 53 मिनट और गोड्डा एसएफ एक्सप्रेस (22312) 1 घंटे 13 मिनट विलंब से चल रही थी।

स्पेशल ट्रेनों में पैंट्री कार नहीं, यात्रियों को खाने-पीने की परेशानी

फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों में पैंट्री कार की सुविधा नहीं होने से यात्रियों को खाने-पीने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। पांच से 11 घंटे तक विलंब से चल रही ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों के सामने खानपान की समस्या गंभीर हो गई है।

रास्ते में स्टेशनों पर पर्याप्त समय नहीं मिलने से यात्री अपनी जरूरत का सामान भी नहीं खरीद पा रहे हैं। वहीं, लंबी देरी के दौरान ट्रेनों के शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ रही है।

इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी हो रही है। यात्रियों ने रेलवे से स्पेशल ट्रेनों में खानपान और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर ट्रेन के पहुंचने का अपडेट जरूर देख लें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।