बिहार में BJP की सरकार, फिर भी UCC पर JDU की दो टूक; श्याम रजक ने समझाया गठबंधन का गणित
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2029 तक एनडीए शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के ऐलान के बाद बिहार में सियासत तेज हो गई है।
HighLights
अमित शाह ने 2029 तक एनडीए राज्यों में यूसीसी लागू करने का ऐलान।
जदयू विधायक श्याम रजक ने बिहार में यूसीसी लागू न होने का दावा।
रजक ने बताया बिहार में गठबंधन सरकार है, भाजपा की नहीं।
डिजिटल डेस्क, पटना। Bihar Politics: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वर्ष 2029 से पहले भाजपा और एनडीए शासित 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) लागू करने का एलान किया था।
बिहार में इसे लेकर सियासत तेज हो गई है। जदयू के वरिष्ठ विधायक श्याम रजक ने स्पष्ट किया है कि बिहार में किसी भी सूरत में यूसीसी लागू नहीं होगा।
श्याम रजक ने कहा कि संसद में जब यूसीसी से जुड़ा कानून पास हो रहा था, तब जदयू ने उसका समर्थन किया था, लेकिन साथ ही यह स्पष्ट कर दिया था कि बिहार में इसे लागू नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, 'आज तक हम उसी पर कायम हैं।' हमारे नेता ने उसी समय इस संबंध में अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया था। इसलिए कोई सवाल ही नहीं।
भाजपा की सरकार, फिर भी गठबंधन के फैसले का हवाला
बिहार में भाजपा के मुख्यमंत्री होने के सवाल पर श्याम रजक ने कहा कि राज्य में केवल भाजपा की सरकार नहीं है। यह एनडीए गठबंधन की सरकार है, जिसमें लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा समेत कई दल शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इसे भाजपा की स्वतंत्र सरकार नहीं माना जा सकता। इसलिए बिहार में यूसीसी लागू करने का सवाल ही नहीं उठता।
श्याम रजक का यह बयान अमित शाह के 2029 से पहले एनडीए शासित राज्यों में यूसीसी लागू करने के दावे के बीच आया है। ऐसे में बिहार में गठबंधन के भीतर इस मुद्दे पर मतभेद एक बार फिर सामने आते दिख रहे हैं।
