Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ‘बहुत कड़क है गाइज…’ से लेकर रेन डांस तक, बिहार के इन वायरल वीडियो ने लूट ली महफिल

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 11:52 AM (IST)

    बिहार में बीते सप्ताह छात्र आंदोलन, अपराध और राजनीति के साथ कई वायरल वीडियो चर्चा में रहे। आंसू गैस के 'रिव्यू' से लेकर 'रेन डांस' तक, इन वीडियो ने सो ...और पढ़ें

    बिहार में इस सप्‍ताह वायरल रहे कई वीड‍ियो।

    बिहार में इस सप्‍ताह वायरल रहे कई वीड‍ियो।

    डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में बीता सप्ताह राजनीति, छात्र आंदोलन, अपराध और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के नाम रहा। एक ओर छात्रों के प्रदर्शन ने पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोरीं। 

    वहीं दूसरी ओर आंदोलन के दौरान सामने आए कुछ मजेदार वीडियो इंटरनेट पर छा गए। वहीं, मुजफ्फरपुर में बैंककर्मी दंपती की हत्या, विधान परिषद में निशांत कुमार की एंट्री और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के छात्रों से संवाद जैसे घटनाक्रम भी पूरे सप्ताह चर्चा में रहे। आइए जानते हैं इस सप्ताह के वायरल वीड‍ियो के बारे में। 

    1. आंसू गैस का 'रिव्यू' देकर वायरल हुआ प्रदर्शनकारी

    छात्र आंदोलन के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा उस युवक की रही, जिसने आंसू गैस के गोले से दूर भागने के बजाय उसके धुएं के करीब जाकर उसे "टेस्ट" करने की कोशिश कर दी। कुछ ही सेकेंड में आंखों में जलन होने पर वह पीछे हट गया और मोबाइल से वीडियो बनाते हुए बोला, "हे एवरीबडी... आज गलती हो गई। कभी टेस्ट नहीं किया था... बड़ी कड़क माल है गाइज... जीरो परसेंट एथेनॉल।"

    यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और उस पर हजारों मीम्स बनने लगे।

    2. वाटर कैनन के बीच शुरू हो गया 'रेन डांस'

    पटना के डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन छात्र-छात्राओं ने इसे विरोध के बजाय उत्साह में बदल दिया। पानी की तेज बौछारों के बीच कई प्रदर्शनकारी भोजपुरी गानों पर नाचने लगे। लोगों ने इसे "रेन डांस प्रोटेस्ट" का नाम दे दिया।

     

    3. "सर, टीयर गैस नहीं है क्या?"

    एक अन्य वीडियो में एक प्रदर्शनकारी पुलिस अधिकारी से हंसते हुए कहता नजर आया, "क्या सर, टीयर गैस नहीं है? कुछ व्यवस्था आपलोग नहीं किए हैं। वाटर कैनन चलाइए न... बहुत गर्मी हो रही है।" उसकी बात सुनकर आसपास मौजूद पुलिसकर्मी भी मुस्कुराते दिखाई दिए। यह वीडियो भी खूब शेयर किया गया।

    4. बैरिकेडिंग बनी रेलगाड़ी

    प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग को हटाने के बजाय उसे कतार में लगाकर रेलगाड़ी बना दी। कुछ युवक बैरिकेड के साथ ट्रेन की तरह चलते नजर आए, जबकि कुछ उसे कंधे पर उठाकर ले भागे। इन दृश्यों पर सोशल मीडिया यूजर्स ने कई मजेदार टिप्पणियां कीं।

    5. एसपी की सख्त चेतावनी भी बनी चर्चा

    प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ते देख पटना के एसपी संकेत कुमार जवानों को निर्देश देते नजर आए। उन्होंने कहा, "कोई पीछे हटा तो नौकरी करने के लायक नहीं रहेगा।" इसके बाद पुलिस बल तेजी से आगे बढ़ा। इस वीडियो पर भी सोशल मीडिया पर खूब बहस हुई। 

     

    खबरें और भी

    6. डायल-112 की गाड़ी लेकर निकल पड़े प्रदर्शनकारी

    सारण में प्रदर्शन के दौरान कुछ युवक पुलिस की डायल-112 वाहन लेकर ही निकल पड़े। बाद में गाड़ी से हंसते-मुस्कुराते हुए बाहर आते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस घटना को लेकर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं।

    7. राष्ट्रगान और पुलिस के साथ रस्साकशी

    एक जगह पुलिस लाठीचार्ज की तैयारी कर रही थी, तभी प्रदर्शनकारी छात्रों ने राष्ट्रगान गाना शुरू कर दिया। वहीं, जब पुलिस ने रस्से से घेरा बनाने की कोशिश की तो छात्र उसी रस्से को पकड़कर पुलिस के साथ रस्साकशी करने लगे। यह दृश्य भी इंटरनेट पर काफी चर्चा में रहा।

    8. विधान परिषद में निशांत कुमार का पहला दिन

    पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार ने इस सप्ताह पहली बार बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र में भाग लिया। संयोग से उसी दिन उनका जन्मदिन भी था। उन्होंने अपने पिता के साथ महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना की और बाद में सदन में पहली बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। राजनीतिक गलियारों में यह घटनाक्रम पूरे सप्ताह चर्चा का विषय बना रहा।

    9. बैंककर्मी दंपती की हत्या से दहला मुजफ्फरपुर

    मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौरी में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के सेवानिवृत्त कैशियर अशोक कुंवर (65) और उनकी पत्नी नीलम कुंवर (60) की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे राज्य को झकझोर दिया। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल जारी है।

    10. छात्रों के बीच मुस्कुराते दिखे मुख्यमंत्री

    19 जुलाई को बेगूसराय के बीपी इंटर स्कूल में मॉडल स्कूलों के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विज्ञान प्रदर्शनी देखने पहुंचे। उन्होंने छात्रों के मॉडल देखे, उनसे सवाल पूछे और हंसते-मुस्कुराते हुए बातचीत की। बच्चों के साथ उनका सहज संवाद सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आया।

     

    सप्ताह भर सुर्खियों में रहा बिहार

    इस सप्ताह बिहार में जहां छात्र आंदोलन और उससे जुड़ी घटनाएं सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं, वहीं अपराध, राजनीति और शिक्षा से जुड़े कई घटनाक्रम भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने इन घटनाओं को और अधिक लोगों तक पहुंचाया, जबकि कई गंभीर मामलों ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए।

    Disclaimer :दैनिक जागरण खबर में दिखाए गए वीडियोज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता। यह आर्टिकल वीडियो क्लिप्स के सोशल मीडिया पर वायरल होने के आधार पर तैयार किया गया है।