यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Weather: तीन जिलों में भारी बारिश के आसार, पटना समेत कई हिस्सों में अगले 5 दिन तक प्रभावी रहेगा मानसून
राजधानी पटना समेत अन्य जिलों में अगले पांच दिनों तक मानसून प्रभावी रहेगा। अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी समेत अधिसंख्य जिलों के एक या दो स्थानों पर मे ...और पढ़ें

पटना, जागरण संवाददाता: राजधानी समेत अन्य जिलों में अगले पांच दिनों तक मानसून प्रभावी रहेगा। अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी समेत अधिसंख्य जिलों के एक या दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात की चेतावनी है। कैमूर, नवादा व रोहतास में बहुत भारी वर्षा के आसार है, जबकि पटना समेत अन्य जिलों में वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी।
रविवार को पटना, इसके आसपास इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ आसपास के इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। उत्तरी भागों के अधिसंख्य जिलों में वर्षा होने से मौसम सामान्य बना रहा।
मौसम के लिहाज से ऐसा रहा मुजफ्फरपुर का हाल
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर: रविवार को सुबह से शाम तक आसमान में बादल छाए रहे। इन्हें देख लगा अच्छी बारिश होगी, लेकिन बूंदाबांदी में ही बारिश सिमट गई। लोगों को एकबार फिर निराशा ही हाथ लगी। उमस वाली गर्मी फिर सताने लगी।
हालांकि, मौसम विभाग अगले दो-तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जता रहा है। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा।
वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्ष आर्द्रता सुबह सात बजे 89 प्रतिशत तथा दोपहर दो बजे 81 प्रतिशत पर रही। 4.3 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पुरवा हवा चली। बीते 24 घंटे में 67.6 मिलीमीटर वर्षा हुई है।
खबरें और भी
अगले तीन दिन के पूर्वानुमान में बताया गया है कि आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाये रह सकते हैं। इस अवधि में वर्षा सामान्य से बहुत कम होगी। अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।
सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 55 से 65 प्रतिशत रहने की संभावना है। औसतन नौ से 14 किमी प्रतिघंटे की गति से पुरवा हवा चलेगी।
धान की रोपनी करें बंद, फलदार पौधे लगाने का समय
कृषि विज्ञानी डा. ए सत्तार ने सुझाव दिया कि तत्काल लंबी अवधि के धान की रोपाई ऊंची जमीन पर नहीं करें। ऊंची जमीन में सुखाड़ सहनशील मूंग, उड़द, लीबिया, तिल की बुआई करें। इसके साथ खरीफ अरहर की बोआई किसान कर सकते हैं। आम का साटा तथा लीची, अमरूद एवं नींबू की गुटी तैयार करें।
फलदार एवं वानिकी पौधों को लगाने का यह समय उपयुक्त चल रहा है। किसान भाई अपनी पसंद के अनुसार फलदार पौधे का बगान जैसे- आम, लीची, कटहल, आंवला, अमरूद, शरीफा, नींबू की रोपनी करें। सागवान, हरा सेमल, देशी सेमल, सफेद सिरीस, काला सिरीस, अर्जुन, गम्हार, गुलमोहर लगाएं।
पूर्वानुमान - अधिकतम - न्यूनतम
पटना
31 जुलाई 35.0 - 28.0
1 अगस्त 34.0 - 27.0
मुजफ्फरपुर
31 जुलाई 32.0 29.0
1 अगस्त 32.0 28.0
भागलपुर
31 जुलाई 35.0 28.0
1 अगस्त 34.0 28.0
(अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)
तापमान - पटना
अधिकतम - 34.0
न्यूनतम - 27.9
(अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)
आर्द्रता - पटना
अधिकतम - 83
न्यूनतम - 81
एक्यूआइ - 90
सूर्य
अस्त (आज) 6.36
उदय (कल) 5.16