Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Weather Update: उत्तर बिहार में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, तो दक्षिण में भीषण लू का कहर

    Updated: Fri, 22 May 2026 07:34 AM (IST)

    उत्तर बिहार में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है, जबकि दक्षिण बिहार भीषण लू की चपेट में है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए अलग-अलग मौसम की चेतावनी ज ...और पढ़ें

    एआई जेनरेटेड तस्वीर

    एआई जेनरेटेड तस्वीर

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, पटना। राज्य के अलग-अलग भागों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कहीं शुष्क हवा का प्रभाव तो कहीं नमी युक्त हवा से उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान कर रही हैं। वहीं प्रदेश के उत्तर बिहार के मौसम का तेवर अलग है। यहां पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन के साथ वर्षा से मौसम अनुकूल बना हुआ है। 

    मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग भागों का मौसम बदला रहेगा। पटना सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों में दिन और रात गर्म रहने के साथ कई जिलों में लू चलने की संभावना है। 

    दिन और रात में हीट वेव का अलर्ट

    प्रदेश के अरवल, भोजपुर, बक्सर, औरंगाबाद, भभुआ, रोहतास आदि जिलों में गर्म दिन और रात रहने के साथ हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पटना सहित आसपास इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। 

    वहीं प्रदेश के समस्तीपुर, शिवहर, अररिया, किशनगंज, सुपौल, पूर्वी और पश्चिम चंपारण समेत अन्य जिलों में 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने एवं मेघ गर्जन के साथ आंधी-पानी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। 

    चार दिनों के दौरान मौसम में विशेष बदलाव नहीं

    अगले तीन से चार दिनों के दौरान मौसम में विशेष बदलाव के आसार नहीं है। इस दौरान गर्मी और शुष्क मौसम रहने के साथ कई जगहों पर वर्षा की स्थिति बने रहने की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के कई जिलों में वर्षा दर्ज की गई।

    खबरें और भी

    पूर्णिया के डगरुआ में सर्वाधिक वर्षा 135.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। गुरुवार को पटना सहित 13 जिलों के अधिकतम तापमान मे वृद्धि दर्ज की गई। पटना का तापमान दूसरी बार इस सीजन में सबसे गर्म रहा। पटना का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस एवं 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी रोहतास में सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। 

    डेहरी का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री

    उत्तर बिहार के ज्यादातर जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मधुबनी में 30 किमी प्रतिघंटा हवा की रफ्तार दर्ज की गई। कैमूर में हीट वेव के हालात बने रहे। 

    राज्य के डेहरी का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री, बक्सर में 43.4 डिग्री, औरंगाबाद में 43.3 डिग्री, गयाजी में 42.0 डिग्री, अरवल में 41.1 डिग्री, छपरा में 40.5 डिग्री, जहानाबाद में 40.5 डिग्री, शेखपुरा में 40.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। इन स्थानों पर लू जैसे हालात बने रहे।

    प्रमुख शहरों में दर्ज हुई वर्षा

    कटिहार के प्राणपुर में 108.8 मिमी, पूर्णिया के कस्बा में 106.2 मिमी, पूर्णिया के बैसा में 98.6 मिमी, किशनगंज के चरघरिया में 82.2 मिमी, किशनगंज के तैबपुर में 65.4 मिमी, पूर्णिया के भवानीपुर में 57.2 मिमी दर्ज की गई।

    पूर्णिया के जलालगढ़ में 53 मिमी, कटिहार के हसनगंज में 52 मिमी, पूर्णिया के अमाैर में 48.8 मिमी, कटिहार में 45.2 मिमी, पूर्णिया के श्रीनगर में 38.2 मिमी, किशनगंज के ठाकुरगंज में 36.6 मिमी, पूर्णिया में 32.2 मिमी, मधेपुरा के पुरैनी में 31.4 मिमी, अररिया के बहरगामा में 29.2 मिमी एवं किशनगंज के पोठिया में 28.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

    प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

    शहर अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
    पटना 40.1 29.6
    गया 42.0 28.8
    भागलपुर 34.6 26.3
    मुजफ्फरपुर 34.4 28.2