Bihar Weather Update: बिहार में बाढ़ के बीच आसमानी खतरा, 24 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
Bihar Weather में मानसून की गतिविधियां असमान हैं, कुछ जिलों में भारी वर्षा तो अन्य में कमी है। अगले 24 ...और पढ़ें

जेपी गंगा पथ के समानांतर गायघाट से लेकर दीदारगंज तक निचले इलाकों में बाढ़ । जागरण
HighLights
पटना सहित 24 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात की संभावना।
पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान में भारी वर्षा की चेतावनी।
मानसून ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण से वर्षा के आसार।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में मानसून की गतिविधियां एक समान नहीं रहने के कारण बादलों की आवाजाही के साथ वर्षा में कमी है तो कुछ जिलों में भारी वर्षा की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के Bihar Weather Forecast के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पटना सहित 24 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा की गतिविधियां बने होने से तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण उमस का प्रभाव बना रहेगा।
पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान एवं पश्चिमी चंपारण जिले में मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। तीन से चार दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बनी रही सकती है।
वहीं, मंगलवार को पटना सहित अन्य जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ तेज धूप के कारण राजधानी सहित 24 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ फिरोजपुर, मुजफ्फरनगर, बस्ती ,डेहरी, दीघा से होते हुए पूर्वी उत्तरप्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर बने हवा के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है।
वहीं, शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य और उत्तर पश्चिम हिस्से तथा उससे सटे आंध्रप्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों पर कम दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम के संयुक्त प्रभाव से भारी वर्षा की गतिविधियां बने रहने के आसार हैं।
प्रमुख स्थानों पर वर्षा की स्थिति
| स्थान | वर्षा (मिमी में) |
|---|---|
| मुजफ्फरपुर | 62.4 |
| गया | 58.2 |
| मधुबनी | 46.2 |
| पूर्वी चंपारण | 44 |
| रोहतास | 42.6 |
| जहानाबाद | 38.3 |
| कटिहार | 36.8 |
| गोपालगंज | 32.4 |
| बांका | 26.8 |
| सिवान | 25.6 |
| नवादा | 24.6 |
| नवादा | 20.2 |
| पूर्णिया | 15.4 |
| समस्तीपुर | 14.2 |
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| पटना | 34.6 | 27.6 |
| गया | 33.8 | 24.9 |
| भागलपुर | 33.6 | 27.6 |
| मुजफ्फरपुर | 31.6 | 26.2 |
