सोन नदी के परेव घाट पर पुलिस-माफिया मुठभेड़, 62 राउंड चली गोलियां; पुलिस के साथ मारपीट भी, दो कुख्यात गिरफ्तार
बिहटा के परेव घाट पर बालू माफियाओं ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गए। पुलिस ...और पढ़ें
HighLights
बिहटा में बालू माफियाओं ने पुलिस टीम पर की फायरिंग।
मुठभेड़ में सब-इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह को लगी गोली।
दो कुख्यात माफिया गिरफ्तार, कार्बाइन सहित हथियार जब्त।
रवि शंकर, बिहटा। बालू के अवैध खनन और रंगदारी वसूली के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर शनिवार देर रात हथियारबंद बालू माफियाओं ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
घटना बिहटा थाना क्षेत्र के परेव घाट स्थित सोन नदी में हुई। अपराधियों ने कार्बाइन और पिस्टल जैसे अत्याधुनिक हथियारों से पुलिस पर सीधे गोलियां चलाईं।
जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। दोनों ओर से करीब 62 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ के दौरान सब इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह की बांह में गोली लग गई। बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार समेत कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
अपराधियों के साथ पुलिस की हुई मारपीट
जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस अपराधियों की नाव तक पहुंच गई, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। पुलिस की कार्रवाई देख कई अपराधी सोन नदी में कूदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
हालांकि पुलिस ने मौके से कुख्यात बालू माफिया अनीश कुमार और पीयूष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से अनीश कुमार भी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है।
नाव से कार्बाइन, राइफल और पिस्टल समेत हथियार बरामद
पुलिस ने अपराधियों की नाव की तलाशी ली तो वहां से एक कार्बाइन, एक राइफल, दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और दर्जनों जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
कार्बाइन जैसे अत्याधुनिक हथियार की बरामदगी से पुलिस को आशंका है कि अवैध बालू खनन और रंगदारी में शामिल अपराधी संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे हैं।
गिरफ्तार अनीश कुमार मनेर थाना क्षेत्र के टाटा कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वह एके-47 रखने, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत आठ आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था। दूसरा गिरफ्तार आरोपित पीयूष कुमार आरा के कोईलवर का रहने वाला बताया गया है।

(नाव में रखे हथियार।)
नाविकों से रंगदारी वसूली की मिली थी सूचना
एसएसपी पटना कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अनीश कुमार अपने गुर्गों के साथ सोन नदी में नाविकों से रंगदारी वसूल रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया था।पुलिस टीम जैसे ही परेव घाट के पास पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। एसएसपी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड और पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड फायरिंग की गई।
एसएसपी समेत कई अधिकारी पहुंचे मौके पर
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, सिटी एसपी संकेत कुमार और डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
इसके बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर फोरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब बरामद हथियारों की जांच के साथ यह भी पता लगा रही है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा सोन नदी में अवैध बालू खनन और रंगदारी के पूरे नेटवर्क को कौन संचालित कर रहा था।
एके-47 समेत कई मामलों में आरोपित है अनीश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अनीश कुमार के खिलाफ पिछले साल एके-47 रखने के मामले समेत रंगदारी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- पटना में अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़, SI को लगी गोली; अपराधी भी घायल
