विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Politics: 'सुप्रीम कोर्ट को धमकी...', विपक्ष के चक्का जाम पर BJP ने उठाए सवाल

Published: Thu, 10 Jul 2025 09:43 AM (IST)

भाजपा ने मतदाता सूची पुनरीक्षण का विरोध करने पर विपक्ष को घेरा। संजय जायसवाल ने पूछा कि राजद शासन में ...और पढ़ें

सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी पर बिहार में पिकनिक मनाने आने का लगाया आरोप
सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी पर बिहार में पिकनिक मनाने आने का लगाया आरोप

HighLights

  1. किशनगंज में आबादी से अधिक आधार कार्ड
  2. BJP ने महागठबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

राज्य ब्यूरो, पटना। सांसद एवं पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2025 (एसआइआर) को विरोध करने वाले दलों से पूछा है कि 2003 में राजद शासन में जब एसआइआर 31 दिन में हो सकता है, तो आज क्यों नहीं?

1965 में जब लाल बहादुर शास्त्री पीएम थे और 1983 में जब इंदिरा गांधी पीएम थीं, तब भी पुनरीक्षण कार्य हुआ था। देखा जाए तो 20 साल में यह पुनरीक्षण कार्य होता है। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे स्वयं तो संविधान की पुस्तक लेकर घूमते हैं, लेकिन न उन्हें संविधान पर भरोसा है और न सुप्रीम कोर्ट पर।

किशनगंज में आबादी से 105 प्रतिशत अधिक बना आधार कार्ड

मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जितने रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी हैं, उनकी पोल खुल जाएगी और उनका नाम कट जाएगा। किशनगंज में आबादी से 105 प्रतिशत आधार कार्ड बना है, जबकि अररिया में 103 प्रतिशत, यानी आबादी से ज्यादा आधार कार्ड बने हैं।

यह बड़ा प्रश्न है। इसलिए महागठबंधन की चाहत है कि रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी मतदाता बने रहें। यही कारण है कि वे इसका विरोध कर रहे हैं।

डॉ. जायसवाल बुधवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर महागठबंधन से प्रश्न किया कि जब सुप्रीम कोर्ट में इस मामले को लेकर 10 जुलाई को सुनवाई होनी है, तो आज चक्का जाम का क्या औचित्य है? क्या वह सुप्रीम कोर्ट को धमकी देना चाहते हैं कि मेरी बात सुनने को मजबूर हो?

राजग ने बताया बंद को विफल

एसआइआर को लेकर राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) में सम्मिलित दलों ने बंद को पूरी तरह विफल बताया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने महागठबंधन के बिहार बंद को पूरी तरह जनता ने नकार दिया।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि बंद के दौरान विपक्ष ने जंगलराज की याद दिला दी। मार्च के लिए निकले नेता चार कदम भी पैदल नहीं चल सके।

रालोमो राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरुद्ध विपक्ष के विभिन्न दलों के चक्का जाम को पूरी तरह से विफल बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा है कि राहुल गांधी हाथ में संविधान रखते हैं और संविधान की अनदेखी करते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि झूठ, भ्रम एवं भय आज विपक्ष की राजनीति का मुख्य आधार बन चुका है। 2024 के लोकसभा चुनाव में कहा गया था कि यह देश का अंतिम चुनाव होगा, संविधान खत्म हो जाएगा, आरक्षण छीन लिया जाएगा।

आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार शपथ लिए एक साल से ज़्यादा हो गया है, संविधान वही है, संसद वही है और भारत का लोकतंत्र मजबूती से कायम है।

राहुल गांधी पिकनिक मनाने आते हैं बिहार : सम्राट

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य के चार करोड़ से अधिक मतदाताओं ने चुनाव आयोग का सत्यापन फार्म भर कर इस अभियान का समर्थन किया है, जबकि विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कटाक्ष करते हुए सम्राट ने कहा कि उन्हें बिहार की समस्या से कोई मतलब नहीं। वे पॉलिटिकल पिकनिक मनाने आते रहते हैं।

संविधान पर प्रश्न खड़ा कर रहा विपक्ष : विजय सिन्हा

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी सैर-सपाटे के लिए बिहार आए थे। उनकी यात्रा का जन कल्याण से कोई सरोकार नहीं है। विपक्षी दलों की मानसिकता हमेशा से संविधान विरोधी एवं लोकतंत्र को कमजोर करने की रही है।

एसआइआर की आड़ में विपक्ष का उद्देश्य जनता को भ्रमित कर अपनी राजनितिक रोटी सेंकने का है्। पहल से चुनाव प्रक्रिया एवं मतदान दोनों की प्रक्रिया पारदर्शी होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।