विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर BJP का 'सेवा माह', 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक बिहार में होंगे बड़े कार्यक्रम

Updated: Mon, 31 Aug 2026 05:15 PM (IST)

भाजपा बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा माह' मनाएगी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के ...और पढ़ें

फाइल फोटो

फाइल फोटो

HighLights

  1. भाजपा बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा माह' मनाएगी।

  2. यह अभियान पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर है।

  3. सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना लक्ष्य।

राज्य ब्यूरो, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा बिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा माह’ के रूप में व्यापक अभियान चलाएगी। इस दौरान सेवा, समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के लिए किए गए कार्यों को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश होगी। पार्टी का फोकस कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी रहेगा।

अटल सभागार में जुटे BJP नेता, बनाई गई अभियान की रणनीति

अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में राज्य स्तरीय प्रांतीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सेवा माह के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यशाला में संगठनात्मक तैयारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा कार्यक्रमों में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर रणनीति तैयार की गई। जिलों से आए पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को भी अभियान की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

संजय सरावगी बोले- इस बार ‘सेवा पखवाड़े’ को मिला व्यापक स्वरूप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पार्टी पहले से ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती रही है।

लेकिन इस बार उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के महत्वपूर्ण अवसर को देखते हुए इसे व्यापक स्वरूप दिया गया है।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा माह प्रधानमंत्री की सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

इस दौरान सेवा कार्यों के जरिए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

गरीब, किसान और महिलाओं के लिए किए कामों को जनता तक ले जाएगी BJP

सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के सार्वजनिक जीवन में नरेंद्र मोदी ने गरीब, वंचित, किसान, युवा, महिला और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, जनभागीदारी और विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। सेवा माह के दौरान सरकार और प्रधानमंत्री के कार्यों व उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने के साथ सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

‘सेवा’ BJP की कार्यसंस्कृति का हिस्सा, जिलों को सौंपी जाएंगी जिम्मेदारियां

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के लिए सेवा केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठन की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से व्यापक जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में बिहार के विभिन्न जिलों से चुनिंदा पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा के साथ उनके सफल संचालन के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी तय की गईं।

‘सेवा संकल्प’ के लिए BJP ने बनाई खास टोली

‘सेवा संकल्प’ अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा ने एक विशेष टोली का गठन किया है। इसमें प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, मंत्री संजय सिंह टाइगर, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जितेंद्र सिंह और प्रदेश मंत्री मनोज चौधरी शामिल हैं।

इसके अलावा जिला प्रभारी संजीव यादव और अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक वीरेंद्र चंद्रवंशी को भी टोली में जिम्मेदारी दी गई है।

कार्यशाला में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू, भाजपा कोटे के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, शैलेन्द्र, मिथिलेश तिवारी, संजय टाइगर, प्रमोद चंद्रवंशी समेत कई विधायक, जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।