BTSC Recruitment: बिहार में फार्मासिस्ट के 2473 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज, 24 मई तक दर्ज कराएं आपत्ति
बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) ने फार्मासिस्ट के 2473 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी है। अभ्यर्थी 19 से 24 मई तक वेबसाइट पर दस्तावेज सत्यापन संबंधी ...और पढ़ें

बिहार में फार्मासिस्ट के 2473 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज, 24 मई तक दर्ज कराएं आपत्ति (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पटना। हाई कोर्ट की सख्ती व स्वास्थ्य विभाग की पहल पर बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) ने फार्मासिस्ट के रिक्त 2473 पदों पर चल रही नियुक्ति प्रक्रिया तेज कर दी है। सोमवार को बीटीएससी ने दस्तावेज सत्यापन में शामिल अभ्यर्थियों के लिए आपत्ति दर्ज कराने संबंधी नोटिस जारी किया है।
अभ्यर्थी वेबसाइट https://btsc.bihar.gov.in/ पर ही 19 से 24 मई तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। वे आवेदन संख्या, मोबाइल नंबर व जन्म तिथि डालकर नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, लिंग, प्राप्तांक देखकर संतुष्ट हो लें। किसी प्रकार की त्रुटि होने पर सुधार के लिए आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
इसके बाद यह सूची नियुक्ति की अनुशंसा के साथ स्वास्थ्य विभाग को भेज दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने पटना हाई कोर्ट में लंबित अवमाननावाद याचिका अरविंद कुमार बनाम राज्य सरकार एवं अन्य में दिए गए न्यायादेश के अनुपालन में आयोग से चयन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करते हुए अनुशंसित अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।
इसके बाद आयोग ने दस्तावेज सत्यापन में शामिल अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज कराने की नोटिस जारी की। बीटीएससी ने इसी वर्ष छह से 10 फरवरी तक दस्तावेज सत्यापन किया था।
हाई कोर्ट के आदेश व स्वास्थ्य विभाग की पहल के बाद आयोग ने दस्तावेज सत्यापन के करीब तीन माह बाद आपत्ति दर्ज कराने की तिथि निर्धारित की है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना एप्लीकेशन नंबर, मोबाइल नंबर एवं जन्म तिथि दर्ज कर लाग इन कर सकेंगे।
खबरें और भी
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से लाग इन करने के बाद रेज आब्जेक्शन बटन पर क्लिक कर किसी भी त्रुटि के संबंध में आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट ऑर्गेनाइजेशन छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार चौधरी ने इस निर्णय पर स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य विभाग एवं आयोग के प्रति आभार जताते हुए जल्द नियुक्ति पत्र वितरित करने की मांग की है। चार दिन पूर्व ही उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मिलकर आयोग द्वारा जल्द रिजल्ट प्रकाशित करने की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा था।