Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुवाहाटी-बीकानेर एक्सप्रेस में कारोबारी के लाखों के हीरे और जेवरात चोरी, दर्ज हुई जीरो एफआईआर

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 08:16 PM (IST)

    गुवाहाटी-बीकानेर एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक कारोबारी के लाखों के हीरे-जेवरात और नकदी पटना के पास चोरी हो गए। पीड़ित ने बीकानेर में जीरो एफआईआर दर्ज क ...और पढ़ें

    बीकानेर में दर्ज हुई जीरो एफआईआर

    बीकानेर में दर्ज हुई जीरो एफआईआर

    HighLights

    1. गुवाहाटी-बीकानेर एक्सप्रेस में कारोबारी के लाखों के जेवर चोरी।

    2. पटना जंक्शन के पास हुई चोरी की वारदात।

    3. बीकानेर में जीरो एफआईआर, पटना जीआरपी को हस्तांतरित।

    जागरण संवाददाता, पटना। गुवाहाटी से बीकानेर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे एक बुजुर्ग कारोबारी के लाखों रुपये मूल्य के हीरे, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी हो गई। घटना उस समय हुई, जब ट्रेन पटना जंक्शन के सुरक्षा दायरे से गुजर रही थी।

    राजस्थान के बीकानेर निवासी 66 वर्षीय मूलचंद सामसूखा अपने परिवार के साथ 9 मई को ट्रेन में सवार हुए थे। उन्होंने बारपेटा रोड से बीकानेर तक के लिए एसी फर्स्ट क्लास के ई-1 कोच में सीट संख्या 13 से 18 तक आरक्षित कराई थी।

    पटना के पास हुई चोरी की वारदात

    सफर के अगले दिन यानी 10 मई की सुबह करीब चार बजे ट्रेन पटना स्टेशन के नजदीक पहुंच रही थी। इसी दौरान शातिर चोरों ने जेवरातों से भरा बैग चोरी कर लिया और फरार हो गए।

    पीड़ित कारोबारी के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये में है। घटना का पता तब चला, जब सुबह परिवार के सदस्यों की नींद खुली और उन्होंने सामान गायब पाया।

    हीरे के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर

    चोरी हुए सामान में एक डायमंड ब्रेसलेट, एक डायमंड पेंडेंट, एक सोने की चेन, दो डायमंड की अंगूठियां और सात हजार रुपये नकद शामिल हैं।

    कीमती सामान गायब होने के बाद परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी।

    बीकानेर में दर्ज हुई जीरो एफआईआर

    बीकानेर पहुंचने के बाद पीड़ित कारोबारी ने स्थानीय जीआरपी थाने में शून्य (जीरो) एफआईआर दर्ज कराई। बाद में इस मामले को घटना स्थल के क्षेत्राधिकार के आधार पर पटना जंक्शन जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया गया।

    खबरें और भी

    पटना जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया है।

    रेलवे स्टाफ पर मिलीभगत का आरोप

    पीड़ित मूलचंद सामसूखा ने रेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस रेल रूट पर लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं।

    उनका कहना है कि ट्रेन अटेंडेंट और कोच के सहायक कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना इस तरह की वारदात को अंजाम देना संभव नहीं है।

    जांच में जुटी जीआरपी टीम

    पीड़ित ने पटना रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, पटना जंक्शन जीआरपी की टीम ने मामले की जांच तेज कर दी है।

    जांच के तहत उस समय ड्यूटी पर मौजूद ट्रेन स्टाफ की सूची तैयार की जा रही है और मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।