पटना से दियारा तक अब स्टीमर से सफर; 7 पंचायतों के लोगों को मिलेगा लाभ, CM सम्राट चौधरी ने दी सौगात
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के दियारावासियों के लिए स्टीमर सेवा का शुभारंभ किया। यह सेवा सात पंचायतों के 200 यात्रियों को मुफ्त और सुरक्षित आवागम ...और पढ़ें

स्टीमर सेवा की शुरुआत करते सीएम सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, मंत्री रामकृपाल यादव व अन्य। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्टीमर सेवा का शुभारंभ किया।
दियारा की सात पंचायतों को मुफ्त आवागमन सुविधा मिलेगी।
200 यात्रियों की क्षमता, दिनभर में आठ राउंड चलेगी।
संवाद सहयोगी, दानापुर। पटना के दियारा क्षेत्र में रहने वाले हजारों लोगों के लिए मंगलवार का दिन राहत भरा रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नासरीगंज के फक्कड़ महतो घाट से स्टीमर सेवा का शुभारंभ किया।
दियारा के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की नई सुविधा की सौगात दी। लंबे समय से नावों पर निर्भर रहने वाले लोगों को अब आधुनिक स्टीमर के जरिए गंगा पार करने की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह पटेल समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा नासरीगंज-पानापुर स्टीमर फेरी सेवा से आवागमन काफी सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। यह स्टीमर फेरी सेवा पूरी तरह निःशुल्क है।
स्टीमर फेरी सेवा के शुरु होने से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र के लोगों को गंगा पार आवागमन में काफी सहूलियत होगी। साथ ही क्षेत्र में फेरी सेवा का लाभ दियारा क्षेत्र के सब्जी-फल, दुग्ध उत्पादकों-विक्रेताओं तथा किसानों को भी मिलेगा।
कृषि एवं दुग्ध उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होने से स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
मानसून के दौरान यह सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। स्टीमर फेरी सेवा के माध्यम से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों- पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
दियारा क्षेत्र से दानापुर तक आवागमन के लिए गंगा नदी पर पीपा पुल का संचालन सामान्यतः नवंबर से 15 जून तक किया जाता है। शेष अवधि में पीपा पुल हटा लिए जाने के कारण मानसून के दौरान स्थानीय लोगों को गंगा पार करने में काफी कठिनाइयों एवं जोखिम का सामना करना पड़ता है। स्टीमर फेरी सेवा शुरू होने से इस अवधि में लोगों का आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
दियारा क्षेत्र में वर्तमान में 58 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 553 शिक्षक एवं कर्मी कार्यरत हैं। इसके अलावा क्षेत्र में 95 आंगनबाड़ी केंद्रों में 190 सेविका-सहायिका, 3 स्वास्थ्य उपकेंद्र तथा पंचायत कार्यालय संचालित हैं।
फेरी सेवा शुरू होने से इन संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों, कर्मियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं, स्वास्थ्य कर्मियों एवं पंचायत कर्मियों को भी अपने कार्यस्थलों तक आने-जाने में सहूलियत होगीl जल परिवहन के बेहतर उपयोग से गंगा के दोनों ओर रहने वाले लोगों को आवागमन का एक अतिरिक्त एवं सुविधाजनक विकल्प भी उपलब्ध होगा।