Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    2100 रुपये में आसमान से देखें पटना: CM सम्राट चौधरी आज करेंगे पटना जॉय राइड का शुभारंभ

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 09:43 AM (IST)

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना जॉय राइड का उद्घाटन किया, जिससे लोग 2100 रुपये में 10 मिनट की हेलीकॉप्टर यात्रा से पटना का हवाई दृश्य देख सकेंगे। यह ...और पढ़ें

    पटना जॉय राइड का शुभारंभ आज।

    पटना जॉय राइड का शुभारंभ आज।

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना जॉय राइड का उद्घाटन किया।

    2. 2100 रुपये में 10 मिनट का हवाई सफर उपलब्ध।

    3. यह सेवा हर शनिवार और रविवार को मिलेगी।

    डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में पर्यटन को नई ऊंचाई देने की दिशा में शनिवार से एक नई शुरुआत होने जा रही है। यह है मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 की। 

    इसके तहत पटना जॉय राइड का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दोपहर 3 बजे स्टेट हैंगर से औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उन्‍होंने इसकी जानकारी एक्‍स पर साझा की है। 

    इसके साथ ही आम लोग पहली बार हेलीकॉप्टर से राजधानी पटना का विहंगम हवाई दृश्य देखने का रोमांचक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।

    उद्घाटन के बाद पहले दिन 20 पर्यटक हेलीकॉप्टर जॉय राइड का आनंद लेंगे। पर्यटन विभाग के अनुसार अब तक करीब 80 लोगों ने अपनी सीटें बुक करा ली हैं। फिलहाल यह सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी।

    2100 रुपये में मिलेगा 10 मिनट का हवाई सफर

    पटना जॉय राइड के लिए प्रति व्यक्ति 2100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रत्येक उड़ान की अवधि 10 मिनट होगी। इस दौरान पर्यटक आसमान से राजधानी के प्रमुख पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों का नजारा देख सकेंगे।

    हवाई यात्रा के दौरान गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब, गांधी मैदान, गोलघर समेत पटना के कई प्रमुख स्थलों का आकर्षक दृश्य दिखेगा। 

    हर वीकेंड पर चार उड़ानें

    यह सेवा पटना एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर से संचालित होगी। दोपहर 3 बजे के बाद उड़ानें शुरू होंगी और फिलहाल प्रत्येक शनिवार एवं रविवार 30-30 मिनट के अंतराल पर चार जॉय राइड संचालित की जाएंगी।

    हेलीकॉप्टर में एक बार में अधिकतम पांच पर्यटक यात्रा कर सकेंगे। पटना जॉय राइड के लिए 80 लोगों ने बुक‍िंग कराई है। पहले दिन 20 लोग इस सफर का आनंद ले सकेंगे। 

    पटना से तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों की भी हवाई सेवा

    मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना के तहत पटना को राज्य के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों से भी जोड़ा गया है। इनमें 

    • वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण)
    • राजगीर (नालंदा)
    • मां मुंडेश्वरी मंदिर (कैमूर) शामिल हैं। 

    वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय विमान का उपयोग किया जाएगा, जबकि राजगीर और कैमूर के लिए 6+2 सीटर किराये के हेलीकॉप्टर संचालित होंगे।

    प्रत्येक फेरी में अधिकतम पांच सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित रहेंगी। हालांकि, फिलहाल इन तीनों पर्यटन स्थलों के लिए बुकिंग शुरू होने के बावजूद कोई आरक्षण नहीं हुआ है।

    13 जुलाई को हुई थी योजना की शुरुआत

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 जुलाई को इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया था। अब पटना जॉय राइड सेवा के संचालन के साथ यह योजना आम लोगों के लिए जमीन पर उतर रही है।

    सरकार का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ बिहार के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों को नए अंदाज में देश-विदेश के पर्यटकों के सामने प्रस्तुत करना है।

    मुख्यमंत्री ने एक्स पर दी जानकारी

    सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि बिहार पर्यटन अब एक नई उड़ान भरने जा रहा है। 'बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026' के तहत पटना जॉय राइड पर्यटकों और आम नागरिकों को राजधानी का सुरक्षित, रोमांचक और अविस्मरणीय हवाई अनुभव उपलब्ध कराएगी। 

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- हेलीकॉप्टर में घूमिए बिहार, 15 जुलाई से शुरू होगी सेवा; कितना होगा किराया? पढ़ें हर सवाल का जवाब