Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Weather Update: बिहार में पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, शीतलहर की चेतावनी के बाद प्रशासन अलर्ट

    Updated: Wed, 26 Nov 2025 07:27 AM (IST)

    बिहार में ठंड बढ़ने की आशंका है और शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन अलर्ट पर है और लोगों को ठंड से बचाने के लिए कदम उठा रहा है। लोगों से गर्म ...और पढ़ें

    बिहार में ठंड का प्रकोप। फोटो पीटीआई

    बिहार में ठंड का प्रकोप। फोटो पीटीआई

    HighLights

    1. बिहार में शीतलहर की चेतावनी जारी

    2. प्रशासन अलर्ट, बचाव कार्य शुरू

    3. जरूरतमंदों के लिए अलाव, कंबल वितरण

    जागरण संवाददाता, पटना। प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में क्रमिक गिरावट आने के साथ ठंड में वृद्धि की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पछुआ के कारण मौसम शुष्क बने होने के साथ प्रदेश के ज्यादातर जिलों में कोहरे का प्रभाव बना रहेगा। सुबह-शाम में ठंड का असर रहेगा।

    दिन में धूप निकलने के साथ मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है। मंगलवार को अरवल को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    11.0 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद एवं राजगीर का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान मंगलवार को 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    मंगलवार को पटना सहित आसपास इलाकों में सुबह के समय धुंध व हल्की ठंड का प्रभाव बना रहा। दिन में धूप निकलने के बावजूद हल्की कनकनी का असर रहा।

    पछुआ के कारण प्रदेश का मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बनने के कारण ठंड में वृद्धि की संभावना है।

    प्रमुख शहरों का तापमान

    शहर अधिकतम (डिग्री सेल्सियस) न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस)
    पटना 26.1 15.7
    गया 25.6 12.0
    भागलपुर 25.2 13.0
    मुजफ्फरपुर 25.0 14.2

    ठंड और शीतलहर से बचाव को जिला प्रशासन अलर्ट

    बिहार में ठंड का प्रकोप शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में शीतलहर और पाले की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन पटना ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों तथा बीमार व्यक्तियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

    जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस एम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, भूमि सुधार उप-समाहर्ताओं तथा अंचल अधिकारियों को सरकार द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत ठंड से बचाव की पूरी तैयारी सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया है।

    जिलाधिकारी ने रैन बसेरों और अस्थायी शरण स्थलों को चुस्त-दुरुस्त करने, जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण, सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। वहीं अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, वार्मर और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा है।

    खबरें और भी

    फसलों और पशुधन को पाले से बचाने के लिए किसानों को जागरूक करने एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। कोहरे/धुंध में सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने का जिलाधिकारी ने निर्देश दिया।

    जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी “क्या करें, क्या न करें” दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। गर्म कपड़े, टोपी, मफलर एवं मोजे का उपयोग जरूर करें।

    जिलाधिकारी ने कहा है कि ठंड जनित किसी भी समस्या या जरूरतमंद व्यक्ति की सूचना पर तुरंत राहत पहुंचाई जाएगी। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठंड में स्वस्थ और सुरक्षित रहें, यह जिला प्रशासन पटना की आप सभी से हार्दिक अपील है।

    आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर

    • जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, पटना : 0612-2210118
    • आपदा प्रबंधन टाल-फ्री : 1070
    • स्वास्थ्य हेल्पलाइन : 104