विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 24, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

CWC Meeting Live: कांग्रेस नेताओं का हल्ला बोल, राहुल ने कहा- सत्ताधारियों ने किया बिहार का शोषण

Published: Wed, 24 Sep 2025 09:29 AM (IST)Updated: Wed, 24 Sep 2025 01:14 PM (IST)

आज पटना में कांग्रेस कार्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। राजधानी पटना के सदाकत आश्रम परिसर में ...और पढ़ें

बिहार में कांग्रेस की बड़ी बैठक। फाइल जागरण
बिहार में कांग्रेस की बड़ी बैठक। फाइल जागरण

डिजिटल डेस्क, पटना। आजादी के बाद बिहार में पहली बार कांग्रेस कार्य समिति की विस्तारित बैठक की शुरुआत हो चुकी है। पार्टी के तमाम राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेता आज दिनभर बैठक के माध्यम से देश और बिहार की भावी राजनीति, उसकी चुनौतियां संकट और निदान को लेकर चर्चा करेंगे, हालांकि प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी का पटना दौरा रद हो गया है। 

पटना में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के दौरान राहुल गांधी ने बिहार के हालात को लेकर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लगातार बिहार की जनता के साथ अन्याय और शोषण हुआ है। केंद्र और राज्य में बैठे सत्ताधारियों ने इस राज्य की संभावनाओं को कुचल दिया, जबकि यहां के लोग मेहनतकश और प्रतिभाशाली हैं।

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे

महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री और कार्य समिति सदस्य यशोमति ठाकुर ने राहुल गांधी के संबोधन के बारे में आश्रम में प्रेस को जानकारी दी।यशोमति ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा कि बिहार शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और उद्योग जैसे बुनियादी क्षेत्रों में पिछड़ा क्यों है? इसका जवाब सत्ताधारी दलों की नीतियों में छिपा है।

राहुल गांधी ने कहा कि वर्षों से बिहार को योजनाबद्ध तरीके से उपेक्षित किया गया। किसान और मजदूर मजबूरी में पलायन कर रहे हैं, युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे नेताओं ने केवल अपने परिवार और करीबी लोगों का विकास किया, जबकि गरीब जनता को गरीबी और बेरोजगारी के दलदल में छोड़ दिया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार में अपार प्राकृतिक और मानवीय संसाधन हैं। यहां की मिट्टी, यहां का श्रम और यहां के लोग देश को नई ऊंचाई तक ले जाने की क्षमता रखते हैं, लेकिन इसके बावजूद आज बिहार को देश के सबसे पिछड़े राज्यों की सूची में खड़ा कर दिया गया है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार आने पर बिहार को उसका अधिकार और न्याय मिलेगा। उन्होंने देश के अलग अलग हिस्सों में बाढ़ को लेकर केंद्र की नीतियों पर भी सवाल उठाए। साथ कि जाति जनगणना की आवश्यकता पर भी बल दिया।

डबल इंजन सरकार में अब इंजन धुआं फेक रहा है: भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि बिहार की डबल इंजन सरकार में अब इंजन धुआं फेक रहा है। पिस्टन खराब हो चुके हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शतायु और दीर्घायु होने की दुआ करते हुए कहा कि हम चाहते हैं, उन्हें लंबी आयु मिले, परंतु भाजपा उनके साथ साजिश कर रही है। बघेल सीडब्ल्यूसी की बैठक की जानकारी देने के लिए सदाकत आश्रम में प्रेस प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे।

भूपेश बघेल

उन्होंने इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन का हवाला देकर कहा कि बैठक की शुरुआत पत्रकारों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम की यादें ताज़ा कीं। 

खरगे ने सरकार पर साधा निशाना 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर हमारी मुसीबतें मोदी और उनकी सरकार की नाकामी और उनकी कूटनीतिक विफलता का नतीजा है। पटना में हो रही सीडब्ल्यूसी की यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि हम ऐसे समय में मिल रहे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय, दोनो स्तरों पर भारत एक बेहद चुनौतीपूर्ण और चिंताजनक दौर से गुजर रहा है। खरगे आज सदाकत आश्रम में सीडब्ल्यूसी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे

उन्होंने कहा कि सदाकत आश्रम स्वाधीनता आंदोलन का केंद्र बिंदु था। 1921 में स्थापित कांग्रेस का यह ऐतिहासिक दफ्तर पार्टी के अनेकों महान नेताओं की कर्मस्थली रहा है। मैं आज उन्हें भी विशेष श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

पीएम मोदी पर हमलावर होते हुए खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री जिनको “मेरे दोस्त” बताकर ढिंढोरा पीटते हैं, वही दोस्त आज भारत को अनेकों संकट में डाल रहे हैं। आज जब हमारी वोटर लिस्ट से आधिकारिक रूप से छेड़छाड़ की का रही है।

आवश्यक है कि हम लोकतंत्र की जननी बिहार में अपनी मीटिंग आयोजित करके इस देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाए रखने के अपनी प्रतिज्ञा को पुनः दोहराए ।

वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेरा

उन्होंने कहा कि ठीक 85 साल पहले रामगढ़ में अखिल भारतीय कांग्रेस सेशन में पहली बार संविधान सभा का प्रस्ताव आया था। महात्मा गांधी, पं० नेहरू, सरदार पटेल, डॉ आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों ने मिलकर देश के नागरिकों को एक व्यक्ति-एक वोट का अधिकार दिया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का आधार है निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव, परन्तु आज चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर ही भयंकर सवाल उठ रहे हैं। विभिन्न राज्यों में खुलासे हुए हैं, चुनाव आयोग उन सवालों के जवाब देने के बजाय हमसे एफिडेविट मांग रहा है।

बिहार की ही तर्ज पर अब देश भर में लाखों लोगों के वोट काटने की साजिश रची जा रही है। वोट चोरी का मतलब है- दलित, आदिवासी, पिछड़ा, अति-पिछड़ा, अल्पसंख्यक, कमजोर और गरीब के राशन की चोरी, पेंशन चोरी, दवाई चोरी, बच्चों की छात्रवृत्ति और परीक्षा की चोरी। ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की वजह से बिहार की जनता में इसके बारे जागरूकता फैली और वो खुलकर राहुल जी के समर्थन में आए।

GST पर मोदी सरकार को घेरा 

खरगे ने कहा कि महात्मा गांधी का 100 साल पुराना दिया गया ‘स्वदेशी का मंत्र’ जिसे कांग्रेस ने अंग्रेज़ों को परास्त करने के लिए इस्तेमाल किया, मोदी जी को आज याद रहा है। दूसरी तरफ़ चीन के लिए रेड कारपेट सरेआम बिछाए जाते हैं। पिछले 5 वर्षों में चीन से हमारा आयात दो गुना बढ़ गया है।

आज हमारा देश कई समस्याओं से जूझ रहा है। ये समस्याएं आर्थिक मंदी, बेरोजगारी, सामाजिक ध्रुवीकरण और स्वायत्त संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर कमजोर किया जा रहा है।

दो करोड़ नौकरियों का वादा अधूरा रहा। युवा रोजगार के बिना भटक रहे हैं। नोटबंदी और ग़लत जीएसटी ने अर्थव्यवस्था को पटरी से उतार दिया। 8 वर्षों के बाद प्रधानमंत्री जी को अपनी गलती का एहसास हुआ।

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे

अब जीएसटी में वही सुधार लाए गए, जिसकी मांग कांग्रेस पहले दिन से कर रही थी। मोदीजी का मानना है कि देशवासियों को और अधिक खर्च करना चाहिए परंतु जब पिछले 10 वर्ष में आमदनी नहीं बढ़ी, सिर्फ महंगाई बढ़ी है, तो लोग अधिक खर्च कैसे करेंगे?

राजधानी पटना के सदाकत आश्रम परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ बैठक की शुरुआत हुई। गगनभेदी नारों और कार्यकर्ताओं के उत्साहपूर्ण स्वागत के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और बड़ी संख्या में केंद्रीय व राज्य स्तरीय नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस की बैठक शुरू

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक की शुरुआत। फोटो जागरण

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए राहुल गांधी पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

नेताओं के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। नेताओं के हिसाब से कार्यकर्ता नारा बदल रहे थे।

CWC meeting Patna

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एयरपोर्ट पर जमावड़ा, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

जयराम रमेश ने इतिहास को याद किया

मीटिंग से पहले जयराम रमेश ने एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा, विस्तारित कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक आज सुबह पटना में होगी। मार्च 1940 के मध्य में हुए रामगढ़ अधिवेशन में ही कांग्रेस कार्यसमिति ने अपना ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया था।

इसी प्रस्ताव के माध्यम से पहली बार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने एक संविधान सभा के गठन और स्वतंत्र भारत के लिए संविधान तैयार करने तथा अपनाने के प्रति औपचारिक रूप से प्रतिबद्धता जताई थी। इसके बाद की कहानी इतिहास है -जिसमें उस संगठन का मुखर विरोध भी शामिल है, जो अब अपनी शताब्दी मना रहा है और 26 जनवरी 1950 से लागू हुए उस संविधान का कट्टर विरोधी रहा है।

सीडब्ल्यूसी की बैठक में शामिल होने के लिए मुकुल वासनिक पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

CWC Meeting

सीडब्ल्यूसी की बैठक में शामिल होने पटना पहुंचे मुकुल वासनिक

CWC की बैठक के बाद राहुल गाधी होटल चाणक्य में महागठबंधन के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में सीट बंटवारे समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा होने की संभावना है।

इसके बाद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ महागठबंधन के अन्य नेता संयुक्त प्रेस वार्ता भी करेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन को एकजुट दिखाना कांग्रेस और सहयोगी दलों के लिए बेहद जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।