Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार: गोली मारकर नहीं, लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हुई EO विमल कुमार की हत्या; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिले संकेत

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 11:23 AM (IST)

    रोहतास नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की औरंगाबाद में निर्मम हत्या कर दी गई। दानापुर स्थित उनके आवास पर मातम पसरा है, पुलिस ने चालक को गि ...और पढ़ें

    HighLights

    1. देहरी ईओ विमल कुमार की औरंगाबाद में हत्या।

    2. दानापुर आवास पर मातम, लोगों में गहरा आक्रोश।

    3. पोस्टमार्टम में गंभीर चोटें, चालक गिरफ्तार, जांच जारी।

    संवाद सहयोगी, दानापुर। रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या ने पूरे बिहार को झकझोर दिया है।

    शनिवार रात औरंगाबाद में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद जहां पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है, वहीं दानापुर स्थित उनके आवास पर मातम पसरा हुआ है। 

    दानापुर के गंगा कुटीर अपार्टमेंट में पसरा मातम

    मूल रूप से गया जिले के शेरघाटी निवासी विमल कुमार दानापुर के गोला रोड स्थित गंगा कुटीर अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-501 के मालिक थे।

    हालांकि, नौकरी के कारण वे डेहरी के सिंचाई कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में रहते थे, जबकि उनकी पत्नी बबीता कुमारी दो छोटे बच्चों के साथ दानापुर में रहती थीं।

    परिवार में सात वर्षीय बेटी वैभवी विमल और पांच वर्षीय बेटा विवान विमल हैं। हत्या की खबर मिलते ही बबीता कुमारी दोनों बच्चों को लेकर औरंगाबाद रवाना हो गईं। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के अनुसार, घटना के बाद पूरे परिसर में शोक का माहौल है।

    EO 2

    दानापुर में भी रह चुके हैं कार्यपालक पदाधिकारी

    विमल कुमार 11 मार्च 2024 से 2 जून 2024 तक दानापुर नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर कार्यरत रहे थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया।

    इधर, घटना के विरोध में लोगों ने दानापुर के टी-प्वाइंट के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

    विमल कुमार के पिता युगल किशोर प्रसाद हैं। तीन भाइयों में वे सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई अनिल कुमार और विजय कुमार हैं। उनका ससुराल पश्चिम चंपारण जिले के आदापुर में है। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों में गहरा शोक व्याप्त है।

    EO  wife

    (घटनास्थल से लौटीं ईओ की पत्नी।)

    पोस्टमार्टम में सामने आए अहम संकेत

    विमल कुमार का पोस्टमार्टम सासाराम सदर अस्पताल में रविवार तड़के करीब चार बजे तीन डॉक्टरों की विशेष टीम ने किया। टीम का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने किया।

    टीम में आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. ब्रजेश कुमार, जनरल सर्जन डॉ. प्रिय रंजन और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजय कुमार शामिल थे। पोस्टमार्टम के दौरान सासाराम के डीसीएलआर अमर ज्योति मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे।

    सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं। आशंका है कि लोहे की रॉड जैसे किसी भारी वस्तु से बेरहमी से हमला किया गया।

    शरीर की कई हड्डियां टूटी हुई मिली हैं। गला, छाती और पीठ पर भी गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे अंदेशा है कि हत्या से पहले उनकी बुरी तरह पिटाई की गई थी। हालांकि, मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

    खबरें और भी

    जांच में जुटी पुलिस

    पोस्टमार्टम के दौरान रोहतास के डीएम दीपक कुमार मिश्र, एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी, मृतक की पत्नी बबीता कुमारी और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

    उधर, पुलिस इस हत्याकांड की हर पहलू से जांच कर रही है। इस मामले में मृतक के चालक को गिरफ्तार किया जा चुका है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हो जाएगा।

    यह भी पढ़ें- डेहरी नगर परिषद के EO विमल कुमार हत्याकांड में बड़ा खुलासा; चालक गिरफ्तार, पत्नी ने पहले ही जताई थी आशंका