2.70 करोड़ का सोना, नी-कैप और बांग्लादेश कनेक्शन... ब्रह्मपुत्र मेल में ऐसे पकड़ा गया तस्कर
राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआइ) ने पटना जंक्शन पर ब्रह्मपुत्र मेल से 1.712 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.707 करोड़ रुपये है।

पकड़ा गया गोल्ड
HighLights
डीआरआइ ने पटना जंक्शन पर 1.712 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया।
जब्त सोने की अनुमानित कीमत 2.707 करोड़ रुपये आंकी गई।
आरोपी ने सोना नी-कैप में छिपाकर बांग्लादेश से तस्करी किया था।
जागरण संवाददाता, पटना। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआइ) की पटना क्षेत्रीय इकाई ने पटना जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.712 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 2.707 करोड़ रुपये बताई गई है।
खास बात यह रही कि सोने को आरोपित ने दोनों पैरों में बंधे कपड़े के नी-कैप के भीतर छिपा रखा था। डीआरआइ ने सोने की तस्करी और अवैध परिवहन के आरोप में एक व्यक्ति को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है।
खुफिया सूचना पर पटना जंक्शन में घुसते ही कार्रवाई
डीआरआइ को सूचना मिली थी कि कूचबिहार से नई दिल्ली जा रही ट्रेन संख्या 15658 ब्रह्मपुत्र मेल में एक पुरुष यात्री विदेशी मूल का सोना लेकर सफर कर रहा है।
सूचना के आधार पर पटना क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों ने ट्रेन के पटना पहुंचने पर कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने ट्रेन की अत्यधिक भीड़भाड़ वाली 10 जनरल बोगियों में गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान संदिग्ध यात्री की पहचान की गई और उसे पटना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारा गया। इसके बाद उसकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई।
नी-कैप के अंदर मिला सोने का पूरा जखीरा
व्यक्तिगत तलाशी के दौरान डीआरआइ अधिकारियों को यात्री के दोनों पैरों में बंधे कपड़े के नी-कैप के भीतर सोना छिपा मिला। वहां से विदेशी मूल के 15 सोने के बिस्कुट और चार छोटे कटे हुए टुकड़े बरामद किए गए।
बरामद सोने का कुल शुद्ध वजन 1712.200 ग्राम यानी करीब 1.71 किलोग्राम पाया गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार जब्त सोने की कीमत करीब 2.707 करोड़ रुपये है।
पूछताछ में बांग्लादेश से तस्करी की बात
डीआरआइ के अनुसार, पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपने बयान में स्वीकार किया कि बरामद सोना विदेशी मूल का है और इसे बांग्लादेश से भारत में तस्करी कर लाया गया था। इसके बाद आरोपित को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में सोने की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का फोकस यह पता लगाने पर भी है कि सोना कहां से लाया गया और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था।
बिहार में इस वित्तीय वर्ष में 6.86 करोड़ का सोना जब्त
डीआरआइ के अनुसार, देशव्यापी अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार से अब तक कुल 4.356 किलोग्राम सोना जब्त किया जा चुका है। इसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 6.86 करोड़ रुपये बताई गई है।
अधिकारियों के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर की गई यह कार्रवाई संगठित सीमा-पार सोने की तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा है।
