रेलवे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर, 26-27 सितंबर की PET परीक्षा टली; जल्द आएगी नई डेट
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, पूर्व मध्य रेल द्वारा 26 और 27 सितंबर को पटना में होने वाली शारीरिक दक्षता जांच (पीईटी) खराब मौसम के कारण स्थगित कर दी गई है।
HighLights
26 और 27 सितंबर की रेलवे पीईटी परीक्षा स्थगित।
खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण लिया गया निर्णय।
नई परीक्षा तिथि की घोषणा जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर।
जागरण संवाददाता, पटना। लगातार वर्षा ने रेलवे में नौकरी की आस लगाए बैठे 2,027 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) स्थगित करा दी है
26 और 27 सितंबर को होने वाली शारीरिक दक्षता जांच तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की सूचना पूर्व मध्य रेल ने जारी की है।
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सीईएन-08/2024 के तहत आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता जांच से संबंधित अगली तिथि की सूचना जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
वेबसाइट पर नजर रखें अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों को नई तिथि के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखने को कहा गया है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि शारीरिक दक्षता जांच के आयोजन से संबंधित आगामी सूचना जल्द जारी की जाएगी।
अभ्यर्थी भर्ती से जुड़ी किसी भी अद्यतन जानकारी के लिए पूर्व मध्य रेल की आधिकारिक वेबसाइट के हाजीपुर मुख्यालय-आरआरसी/पटना सेक्शन का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ ने अभ्यर्थियों को फर्जी वेबसाइटों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। भर्ती के संबंध में समय-समय पर जारी होने वाली सूचनाओं के लिए केवल पूर्व मध्य रेल की आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करने को कहा गया है।
RRC पटना के चेयरमैन चंद्रशेखर आजाद ने वीडियो जारी कर बताया कि जगजीवन स्टेडियम दानापुर में 26 और 27 सितंबर को निर्धारित परीक्षा वर्षा के कारण स्थगित की जा रही है।
जहां PET आयोजित था, वहां जलजमाव हो गया है, इस कारण से वहां दौड़ कराना संभव नहीं है। सारे अभ्यर्थियों को इसकी सूचना मेल और एसएमएस से दी जा रही है। जल्द ही अगली तिथि की घोषणा की जाएगी।
रुक-रुककर हो रही वर्षा से जनजीवन पर असर
बता दें कि दो दिनों से पटना समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रुक-रुककर वर्षा हो रही है। मौसम में ठंडक है। सड़कों पर जगह-जगह पानी जमा हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पटना सहित 16 जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ वर्षा का सिलसिला जारी रहने का अनुमान लगाया गया है।
बिहार के तीन जिलों के भभुआ, गोपालगंज एवं पश्विमी चंपारण जिले में भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग भागों में छिटपुट व भारी वर्षा के आसार है।
