पटना के अथमलगोला में गोली मारकर युवक की हत्या, ग्रामीण ने जला दी थी बाइक तो साइकिल से गया था मेले में माला बेचने
अथमलगोला में माला बेचकर घर लौट रहे युवक ललन पुरी की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ...और पढ़ें

ललन पुरी का फाइल फोटो और बिलखते स्वजन।
HighLights
अथमलगोला में माला बेचकर लौट रहे युवक की हत्या।
दक्षिणीचक रेलवे फाटक के पास अपराधियों ने मारी गोली।
पुराने विवाद को हत्या का मुख्य कारण मान रही पुलिस।
संवाद सूत्र, अथमलगोला (पटना)। अथमलगोला थाना क्षेत्र के दक्षिणीचक के समीप मंगलवार की देर रात अपराधियों ने माला बेचकर घर लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान दक्षिणीचक गांव निवासी ललन पुरी (30) के रूप में हुई है। वह मेलों में माला बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि ललन पुरी मंगलवार को रूपस गांव में आयोजित जन्माष्टमी मेले में माला बेचने गया था। देर रात करीब एक बजे वह साइकिल से अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान दक्षिणीचक रेलवे फाटक के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे गोली मार दी। दो गोलियां उसके शरीर में लगीं। एक गोली आंख के पास और दूसरी हाथ में लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
राहगीर ने देखा शव, तब हुई पहचान
घटना के कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर सड़क किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी। उसने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।
इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। जानकारी मिलने पर स्वजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक की पहचान ललन पुरी के रूप में की।
बाइक जलाने के बाद साइकिल से जाने लगा था मेला
ग्रामीणों के अनुसार ललन पुरी का गांव के ही शंकर महतो से पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पूर्व ललन की बाइक जला दी गई थी। इस मामले में उसने अथमलगोला थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
बाद में पंचायत स्तर पर दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया था। बाइक जल जाने के बाद ललन माला बेचने के लिए साइकिल से ही आने-जाने लगा था।
मंगलवार को भी वह साइकिल से रूपस गांव के जन्माष्टमी मेले में माला बेचने गया था। मेले से लौटते समय दक्षिणीचक रेलवे फाटक के समीप उसकी हत्या कर दी गई।
घर में हो रहा था इंतजार, पहुंची मौत की खबर
ललन के स्वजन मंगलवार की रात उसके घर लौटने का इंतजार कर रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि वह हर दिन की तरह माला बेचकर देर रात घर लौट आएगा।
लेकिन काफी देर तक जब वह नहीं पहुंचा तो स्वजन चिंतित होने लगे। इसके बाद उसकी हत्या की खबर घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। रोजी-रोटी के लिए मेले में माला बेचने निकले ललन की इस तरह हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें- बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने 16 वर्षीय किशोर को मारी गोली, अस्पताल पहुंचते ही मौत; आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क
पुलिस घटना के पीछे के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान में जुटी है। पूर्व विवाद को भी पुलिस जांच का महत्वपूर्ण बिंदु मान रही है। मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
