जमुई छेड़छाड़ कांड राउंडअप: 19 सितंबर से लेकर एनकाउंटर और CM से मुलाकात तक, अब तक क्या हुआ
Jamui Student Harassment Case: जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़-मारपीट की घटना ने देश को झकझोर दिया, जिसके बाद पुलिस ...और पढ़ें

जमुई छेड़छाड़ कांड राउंडअप
HighLights
जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़-मारपीट की घटना ने सबको चौंकाया।
पुलिस ने मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ में पकड़ा, फरार पिता भी गिरफ्तार।
मुख्यमंत्री ने पीड़िता के परिवार को सुरक्षा और शिक्षा का आश्वासन दिया।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के जमुई जिले(Jamui News) में नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त के साथ हुई छेड़छाड़-मारपीट(Jamui Molestation Case) की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ।
बिहार पुलिस ने इस मामले में ना सिर्फ मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ के बाद दबोचा, बल्कि 23 साल से फरार चल रहे एक पुराने अपराधी को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया।
जमुई की घटना के बाद समस्तीपुर और बांका से भी ऐसे छेड़छाड़ के मामले सामने आए और उनके वीडियो भी वायरल हुए। बहरहाल, आइए आपको बताते हैं कि जमुई के मामले में अब तक क्या कुछ हुआ है।
19 सितंबर 2026: नाबालिगों के साथ अभद्र व्यवहार
जमुई जिले में मड़वा पहाड़ पर घूमने गए एक नाबालिग छात्र और छात्रा को कुछ मनचले युवकों ने रास्ते में जबरन रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की। इस घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
21 सितंबर 2026: वीडियो वायरल और FIR दर्ज
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले पर स्वतः संज्ञान लिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बीएनएस, पॉक्सो और आईटी (IT) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की और तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
22 सितंबर 2026: पुलिस मुठभेड़ और मुख्य आरोपी घायल
गिरफ्तारी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी हरेराम यादव भी घायल हो गया।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए जमुई अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा तीन आरोपितों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
23 सितंबर 2026: 23 साल से फरार हत्यारोपी पिता गिरफ्तार
मुख्य आरोपी नंदन यादव के घर दबिश के दौरान एक बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी का पिता गनौरी यादव साल 2003 के प्रतापपुर दोहरे हत्याकांड मामले में 23 साल से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
24 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री से मुलाकात व परिवार को सुरक्षा
पीड़िता के परिजनों ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की, जहां उन्हें पूरी सुरक्षा, मदद और छात्रा की आगे की पढ़ाई की जिम्मेदारी का आश्वासन मिला। पीड़िता की मां ने 48 घंटे के भीतर हुए एनकाउंटर और पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर खुशी जताई।
बिहार के 2 और जिलों के वीडियो हुए वायरल
बिहार में जमुई के बाद समस्तीपुर और बांका जिले में घटी इसी तरह की घटना के वीडियो वायरल हुए। हालांकि, बांका की घटना 3 जून 2026 की बताई जा रही है।
इन मामलों में भी पुलिस ने एक्शन लिया है। बांका में 3 आरोपियों की पहचान कर ली गई है। साथ ही यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपियों ने पीड़िता से रुपये भी ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए थे।
इधर, समस्तीपुर में ऐसी घटना के 2 वीडियो वायरल हुए थे। इनमें से पहले वीडियो के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। दूसरे वीडियो के मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- 'मेरी बेटी जैसे गिड़गिड़ाई; वैसे ही बदमाशों में खौफ हो', जमुई कांड की पीड़िता की मां का CM से मिलकर छलका दर्द
