यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 31, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: विधानसभा चुनाव के बाद के लिए JDU ने बनाया प्लान B, तेजस्वी-लालू की उड़ सकती है नींद
बिहार में विधानसभा चुनाव के बाद जदयू ने खास प्लान बनाया है। जेडीयू अपना सदस्यता अभियान शुरू करेगा। पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है। ...और पढ़ें

HighLights
- विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार ने बनाया प्लान B
- पार्टी के सांगठनिक चुनाव के पहले सदस्यता अभियान चलाया जाता है
राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू का सदस्यता अभियान अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद आरंभ होगा। इस बारे में जदयू द्वारा चुनाव आयोग को पत्र लिख कर अनुमति मांगी जाएगी।
यह व्यवस्था है कि पार्टी के सांगठनिक चुनाव के पहले सदस्यता अभियान चलाया जाता है। जदयू का सांगठनिक चुनाव 2022 में हुआ है। सांगठनिक चुनाव के तहत पदाधिकारियों का निर्वाचन या मनोनयन तीन वर्षों के लिए होता है।
इस लिहाज से वर्ष 2025 के फरवरी-मार्च से सदस्यता अभियान आरंभ होना चाहिए और फिर उसके दो माह बाद संगठन के पदाधिकारियों का निर्वाचन।
जदयू के संबंधित पदाधिकारी का कहना है कि 2025 में विधानसभा का चुनाव होना है। ऐसे में पार्टी के सभी लोग चुनाव अभियान में व्यस्त रहेंगे। ऐसे में सदस्यता अभियान का संचालन या फिर उसकी मानीटरिंग सही तरीके से संभव नहीं होगी।
इसलिए जदयू ने तय किया है कि इस बारे में चुनाव आयोग को पत्र लिखकर विधानसभा चुनाव के बाद सदस्यता अभियान चलाने और संगठन के चुनाव की अनुमति दी जाए। ऐसी परंपरा भी रही है।
जदयू की इस कवायद के बाद यह तय माना जा रहा कि अगले वर्ष विधानसभा चुनाव के पहले जदयू की प्रदेश या फिर राष्ट्रीय पदाधिकारियों के निर्वाचन या फिर मनोनयन को ले कोई कवायद शुरू नहीं होने वाली। पार्टी अपने को पूरी तरह से विधानसभा चुनाव पर केंद्रित करेगी। आने वाले समय में विधानसभा प्रभारियों को सक्रिय किए जाने पर बैठक किए जाने की तैयारी है।