Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'खान सर का नार्को टेस्ट हो.. मुझे जेल भेजने के लिए करोड़ों खर्च किए', ज्ञान बिंदु के रौशन आनंद के 10 बड़े दावे

    Updated: Mon, 15 Jun 2026 04:47 PM (IST)

    जमानत पर छूटे रौशन आनंद ने खान सर पर अपने भाई प्रिंस यादव की हत्या का आरोप लगाया है और सीबीआई जांच व खान सर के नार्को टेस्ट की मांग की है। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. रौशन आनंद ने खान सर पर भाई की हत्या का आरोप लगाया।

    2. खान सर के नार्को टेस्ट और CBI जांच की मांग की।

    3. खान सर ने प्रिंस यादव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने को कहा।

    डिजिटल डेस्क, पटना। फैजल खान उर्फ खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद अब आमने-सामने आ चुके हैं। दोनों के बीच का विवाद (Khan Sir Roshan Anand Controversy) जो कोचिंग में तोड़फोड़ और कथित फायरिंग से जुड़ा था, वह अब एक संदिग्ध मौत तक पहुंच चुका है।

    रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत (Roshan Anand Brother Death) के बाद खान सर पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद ने जेल से जमानत पर छूटने के बाद 'खान सर' पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

    • भाई की हत्या की साजिश का आरोप: रौशन आनंद का आरोप है कि उनके भाई की कोई बीमारी से मौत नहीं हुई, बल्कि जब वह जेल में थे, तब एक साजिश के तहत उनके भाई की हत्या करवाई गई। इसमें खान सर और मकान मालिक आर.एस. प्रसाद शामिल हैं।
    • खुद की जान को खतरा और सुरक्षा की मांग: रौशन आनंद ने दावा किया कि खान सर उनकी भी हत्या करवा सकते हैं और जेल के अंदर भी एक गार्ड के जरिए उन्हें मारने की कोशिश की गई थी। उन्होंने पटना पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
    • फायरिंग करवाने का आरोप: रौशन आनंद के मुताबिक, खान सर ने ही कोचिंग सेंटर पर फायरिंग (गोलीबारी) के आदेश दिए थे, लेकिन पूरा दोष उन पर (रौशन आनंद पर) मढ़ दिया गया।
    • बिना जांच के गिरफ्तारी और पुलिस की मिलीभगत: उन्होंने आरोप लगाया कि पटना पुलिस ने राजनीतिक दबाव में बिना किसी उचित जांच के उन्हें गिरफ्तार किया, जबकि केस दर्ज होने के बाद भी पुलिस के पास खान सर को गिरफ्तार करने के लिए 48 से 72 घंटे का समय था, फिर भी उन्हें नहीं पकड़ा गया।
    • राजनीतिक संरक्षण का दावा: उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर को किसी बड़े नेता का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है (चाहे वह सरकार में हो या विपक्ष में), जिसके दम पर पुलिस उन्हें बचा रही है।
    • खान सर का हो नार्को टेस्ट: रौशन आनंद ने कहा कि फैजल खान का नार्को टेस्ट होना चाहिए। पटना पुलिस खुद को फैजल खान के हाथों बेच चुकी है।
    • करोड़ों रुपये खर्च करने का आरोप: रौशन आनंद ने यह भी दावा किया कि खान सर ने उन्हें जेल भिजवाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए हैं और मकान मालिक के बेटे ने भी करोड़ों का जिम खोला है, जिसके कैश लेन-देन की जांच होनी चाहिए।
    • करियर बर्बाद करने की साजिश: उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर एक झूठे इंसान हैं, जिन्होंने पहले भी कई शिक्षकों का करियर बर्बाद किया है और अब उनका (रौशन आनंद का) करियर खत्म करने की साजिश रच रहे हैं।
    • जबरन बयान दिलवाने का आरोप: रौशन आनंद का कहना है कि खान सर ने उन गार्ड्स से जबरन बयान दिलवाए हैं जो उनके लिए काम भी नहीं करते थे, बल्कि कोचिंग सेंटर के लिए काम करते थे।
    • CBI जांच और दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग: रौशन आनंद ने सरकार से दो मुख्य मांगें रखी हैं- पहली, उनके भाई की हत्या की सीबीआई (CBI) जांच हो और उनके भाई के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया जाए।

    खान सर ने क्या बोला?

    वहीं, प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के बाद खान सर ने भी बयान जारी किया। खान सर वीडियो मैसेज में भावुक नजर आए और उन्होंने कहा कि वह परिवार की सहायता के लिए साथ खड़े हैं।

    इसी के साथ, खान सर ने प्रिंस यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग भी की। दूसरी ओर, रौशन आनंद ने दोबारा से प्रिंस यादव का पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग रखी है।

    पटना कोचिंग हिंसा मामला: 2 जून को आखिर क्या हुआ था?

    बता दें कि पटना में 2 जून को शिक्षक फैजल खान (खान सर) के कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर एक हिंसक झड़प होने की खबर सामने आई थी। इस घटना में पथराव और कथित तौर पर गोलीबारी भी शामिल थी।

    खबरें और भी

    इस मामले में एक एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है, जिसमें ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्ट रौशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव को नामजद किया गया। बाद में खान सर के ऊपर भी आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ। इसके बाद खान सर ने सरेंडर और उनको जमानत मिल गई। वहीं, अब सोमवार (15 जून) को रौशन आनंद को भी जमानत मिल गई।

    गौरतलब है कि खान सर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उचित जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। वहीं, प्रिंस यादव की मौत पर पुलिस ने साफ है कि जब तक फोरेंसिक जांच पूरी नहीं होती और पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं हो आती, किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना मुश्किल है।

    यह भी पढ़ें- 'फैजल खान ने कराई मेरे भाई की हत्या', पटना में जेल से बाहर आए रौशन आनंद का बड़ा आरोप

    यह भी पढ़ें- ज्ञान बिंदु के डायरेक्‍टर रौशन आनंद को मिली जमानत, खान सर की कोच‍िंग विवाद में गए थे जेल

    यह भी पढ़ें- खान सर ने प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत पर तोड़ी चुप्पी, कहा- परिवार की मदद के लिए हमेशा तैयार