10 सर्कुलर रोड आज खाली होगा या नहीं? सिद्दीकी के बयान ने बढ़ाया सस्पेंस; तेजस्वी के आवास पहुंचे लालू-राबड़ी
लालू परिवार ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने दो दशक पुराने आवास को खाली करना शुरू कर दिया है और फिलहाल तेजस्वी यादव के पोलो रोड स्थित सरकारी आवास ...और पढ़ें
HighLights
लालू परिवार ने पटना का 10 सर्कुलर रोड आवास खाली किया।
लालू-राबड़ी देवी अब तेजस्वी यादव के पोलो रोड आवास में।
यह आवास दो दशकों तक बिहार की राजनीति का केंद्र रहा।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजनीति में करीब दो दशकों तक सत्ता और सियासी गतिविधियों के प्रमुख केंद्र रहे 10 सर्कुलर रोड आवास से अब लालू परिवार की विदाई लगभग तय हो गई है।
आवास खाली करने की निर्धारित समय-सीमा 29 जून होने के बीच सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद, पूर्व सीएम राबड़ी देवी अपने पुत्र नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पोलो रोड स्थित सरकारी आवास पहुंच गए।
पिछले कई दिनों से 10 सर्कुलर रोड से सामान की शिफ्टिंग का काम लगातार चल रहा था। अधिकांश सामान वहां से हटाया जा चुका है। हालांकि आवास पूरी तरह कब खाली होगा, इसे लेकर अभी स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई है।
सिद्दीकी बोले- समय पर खाली होगा आवास
सोमवार को आवास परिसर से बाहर निकलते समय राजद के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आवास निर्धारित समय के भीतर खाली कर दिया जाएगा।
जब उनसे पूछा गया कि क्या आवास सोमवार को ही खाली हो जाएगा, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा नहीं कहा है। उन्होंने यह भी बताया कि लालू प्रसाद यादव की सेहत पहले की तुलना में बेहतर है।
राबड़ी देवी का नया आवास अभी तैयार नहीं
राजनीतिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर है कि लालू-राबड़ी का स्थायी निवास अब कहां होगा। राबड़ी देवी को आवंटित 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है।
वहां लालू की सेहत को लेकर मरम्मत और अन्य कार्य जारी हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि फिलहाल दोनों तेजस्वी यादव के पोलो रोड आवास में ही रहेंगे।
निजी आवासों में भी पहुंच रहा सामान
इस बीच यह भी चर्चा है कि लालू परिवार भविष्य में कौटिल्य नगर या गोला रोड स्थित अपने निजी आवासों में शिफ्ट हो सकता है।
इसकी वजह यह मानी जा रही है कि 10 सर्कुलर रोड से निकाला गया काफी सामान पोलो रोड के अलावा इन दोनों स्थानों पर भी भेजा गया है। इससे स्थायी ठिकाने को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
आवास पर दिनभर लगी रही नेताओं की आवाजाही
सोमवार को 10 सर्कुलर रोड आवास पर सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। राजद के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंचे।
पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी सहित कई नेताओं ने लालू परिवार से मुलाकात की। आवास परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा।
गौरतलब है कि 10 सर्कुलर रोड आवास लंबे समय तक बिहार की राजनीति का अहम केंद्र रहा है। लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के कार्यकाल से लेकर राजद की कई महत्वपूर्ण राजनीतिक रणनीतियां इसी आवास से तय होती रही हैं।
खबरें और भी
अब इस आवास में बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम के रहने की तैयारी है, जिसके साथ ही बिहार की राजनीति के एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत भी माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- पटना: 4 नोटिस के बाद अंतिम अल्टीमेटम; राबड़ी देवी का 10 सर्कुलर रोड आवास आज होगा खाली!