यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: 'लालू यादव आदतन भ्रष्टाचारी...', RJD सुप्रीमो पर मंगल पांडेय का तीखा हमला; याद दिलाया नब्बे का दशक
Bihar Politics बिहार के स्वास्थ्य एवं कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने लालू यादव पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने लालू यादव को आदतन भ्रष्टा ...और पढ़ें

HighLights
- राजद प्रमुख लालू यादव आदतन भ्रष्टाचारी हैं: मंगल पांडेय
- कहा- लालू ने भ्रष्टाचार के हाथी पर चढ़कर की थी अपनी पहली जेल यात्रा
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के स्वास्थ्य एवं कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने लालू यादव पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला है। मंगल पांडेय ने कहा है कि राजद प्रमुख लालू यादव आदतन भ्रष्टाचारी हैं।
चारा घोटाले में आरोपित होने के लालू यादव ने बाद भ्रष्टाचार के हाथी पर चढ़कर 30 जुलाई 1997 को अपनी पहली जेल यात्रा की थी।
उन्होंने कहा कि लालू यादव चारा घोटाले के बाद भी भ्रष्टाचार करने से बाज नहीं आए। लैंड फॉर जाब स्कैम और बेनामी सम्पत्तियों का जखीरा खड़ा करना उनके आदतन भ्रष्टाचारी होने का ही प्रमाण है।
पांडेय ने कहा कि चारा घोटाले में अकेले लालू यादव ही जेल नहीं गए बल्कि उनके तत्कालीन मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों व उनके विधायकों को भी जेल यात्रा करनी पड़ी थी।
उन्होंने कहा कि विद्यासागर निषाद, चंद्रदेव प्रसाद वर्मा, भोला राम तूफानी, आर के राणा आदि कुछ ऐसे नाम हैं, जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता है।
केवल मंत्री, विधायक ही नहीं, आइएएस अधिकारियों बेक जूलियस, सजल चक्रवर्ती, अरुमुगम, फूलचंद सिंह, महेश प्रसाद और एसएन दुबे जैसों को ट्रेजरी से अवैध राशि निकासी के आरोप में ही वर्षों जेल में रहना पड़ा था।
जमीन सर्वे पर गलतबयानी कर रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष : उमेश
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सोमवार को कहा कि लोगों में भ्रम फैलाने की नीयत से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जमीन सर्वे पर गलतबयानी कर रहे।
विपक्ष के ऐसे बयान बहादुर नेताओं से प्रदेश की जनता को सतर्क रहने की जरूरत है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कानून व्यवस्था से संबंधित ज्यादातर घटनाएं भूमि विवाद में होती है। इसे सुलझाने की दिशा में नीतीश कुमार की सरकार प्रयासरत रही है।
आंकड़े साफ-साफ बताते हैं कि पहले 60 फीसद से अधिक हत्याएं भूमि विवाद में होती थी जो अब घटकर 49 फीसद हो गयी है। यह राज्य सरकार के प्रभावी प्रयास का नतीजा है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता की सहूलियत के लिए राज्य सरकार ने जमीन सर्वे कराने का निर्णय लिया है। यह जनता के हित में लिया गया कदम है। इससे जमीनी विवाद कम हाेंगे। न्यायालय में लंबित मामलों की संख्या में कमी आएगी।
भूमि संबंधी प्रमाणिक आंकड़े रहने से सरकार को कृषि, सिंचाई व विकास से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वन मे मदद मिलेगी।
श्याम रजक जदयू के राष्ट्रीय महासचिव बने
पूर्व मंत्री श्याम रजक को जदयू का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। हाल ही में उन्हाेंने राजद को छोड़ जदयू की सदस्यता ग्रहण की थी। लंबी अवधि तक श्याम रजक राजद के भी राष्ट्रीय महासचिव रहे हैं। अरुण कुमार को जदयू ने झारखंड जदयू का सह प्रभारी नियुक्त किया है।
इस आशय की जानकारी जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान ने दी। वहीं, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने खगड़िया जिला निवासी मनीष कुमार को जदयू मीडिया सेल का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। नए दायित्व के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।