विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांधी मैदान से CM सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश, महिला सुरक्षा से रोजगार और निवेश तक कई घोषणाएं

Updated: Sat, 15 Aug 2026 09:46 AM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गांधी मैदान में पहली बार तिरंगा फहराकर बिहार के विकास, सेवा और समर्पण का संकल्प दोहराया। उन्होंने महिला सुरक्षा, रोजगार, निवेश, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

स्‍वतंत्रता द‍िवस समारोह

स्‍वतंत्रता द‍िवस समारोह

HighLights

  1. महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, 'पुलिस दीदी' सेवा शुरू।

  2. 5 लाख करोड़ निजी निवेश का लक्ष्य, उद्योग को बढ़ावा।

  3. 4.25 लाख बीपीएल परिवारों को मुफ्त सोलर पैनल।

जागरण संवाददाता, पटना। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।

इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार के विकास के संकल्प और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का बिहार सेवा, संकल्प और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है।

सरकार का लक्ष्य राज्य के हर नागरिक को समान अवसर और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देना है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि बिहार विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है और सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार, कृषि तथा सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।

30 दिन में शिकायतों के निष्पादन पर जोर

मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर की चर्चा करते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के निष्पादन के लिए 30 दिनों की सख्त समय सीमा तय की गई है। समय सीमा में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई भी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक 6,46,181 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें करीब 95 प्रतिशत आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है।

लापरवाही बरतने पर 17,773 अधिकारियों-कर्मचारियों को पहला नोटिस, 860 को दूसरा नोटिस और 48 को तीसरा नोटिस दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायत के समाधान से संतुष्ट नहीं होने वाले लोगों के लिए भी आगे शिकायत करने की व्यवस्था है।

Samrat

पंचायत विकास दिवस पर गांवों के विकास की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए हर माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर विकास योजनाओं की समीक्षा और नई योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। ERSS के माध्यम से एंबुलेंस, अग्निशमन, पुलिस समेत अन्य सेवाओं को जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार बिहार पुलिस अब करीब 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचने की दिशा में काम कर रही है।

महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिहार में वर्तमान में 32,450 महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं, जो देश के किसी भी राज्य के महिला पुलिस बल में सबसे अधिक है। महिला पुलिसकर्मियों की नियुक्ति और प्रशिक्षण का काम भी बड़े पैमाने पर चल रहा है।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के दिन से 'पुलिस दीदी' सेवा की शुरुआत होगी। स्कूल और कॉलेजों के आसपास महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके लिए करीब 5,000 बाइक और स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं।

Samrat 1

27 साल में कई गुना बढ़ा बिहार का बजट

मुख्यमंत्री ने बिहार के आर्थिक विकास का जिक्र करते हुए कहा कि 27 वर्ष पहले संयुक्त बिहार का बजट महज 6,000 करोड़ रुपये था, जबकि आज राज्य का बजट बढ़कर 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, उद्योग और खेल को बढ़ावा देने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक बदलाव लाना है।

अगले नवंबर तक 5 लाख करोड़ के निजी निवेश का लक्ष्य

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में बड़े पैमाने पर निजी निवेश लाने के लिए सरकार काम कर रही है। अगले नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये का निजी निवेश बिहार में लाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे राज्य में उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि बिहार में 10 चीनी मिलें चालू हो चुकी हैं, जबकि जल्द ही पांच और चीनी मिलें स्थापित की जाएंगी।

4.25 लाख BPL परिवारों को मुफ्त सोलर पैनल

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 4 लाख 25 हजार बीपीएल परिवारों के घरों में सरकार मुफ्त सोलर पैनल लगवाएगी। इससे गरीब परिवारों को बिजली के खर्च में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि करीब 60 लाख किसानों को डिजिटल रूप से जोड़ने का काम किया गया है। किसानों को उनके क्षेत्र के मौसम की जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे मौसम के अनुसार कृषि संबंधी निर्णय ले सकें।

पटना से गया 30 मिनट में पहुंचने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने आने वाले पांच वर्षों में परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि रैपिड रेल के माध्यम से आने वाले वर्षों में पटना से गया की दूरी करीब 30 मिनट में तय करने की दिशा में काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में विकास की गति को और तेज किया जाएगा और सरकार का प्रयास है कि राज्य के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचे।

सीएम ने कहा क‍ि 100 से अधिक औद्योग‍िक क्षेत्र का विकास किया गया है। 14600 एकड़ जमीन अधिग्रहण कर रहे हैं। बिहार के उद्योग लगाने वाले से बिहार सरकार 30 प्रत‍िशत सामान खरीदेगी। 

एक द‍िन में 5 स्‍टील प्‍लांट और 51 हजार करोड़ का एमओयू साइन क‍िया गया। ब‍िहार का गौरवशाली इत‍िहास पूर्ण रूप से स्‍थापित करना है। 

1 लाख करोड़ का इंफ्रास्‍ट्र्र्रक्चर गुड़गांव ओर चंडीगढ़ की तरह  डेवलप क‍िया जाएगा। टाउनश‍िप में इडस्‍ट्र‍ियल हब भी होगा। पूरी संरचना रहेगी। मुजफ्फरपुर का पताही एयरपोर्ट का काम इसी माह शुरू होगा।