'EVM हटाओ, बैलेट पेपर लाओ', श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर खरगे ने साधा BJP-RSS पर निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा सरकारों को 'चोरी से बनी' बताया और आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग की।

मल्लिकार्जुन का स्वागत करते राज्यसभा सदस्य डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह। (जागरण)
HighLights
खरगे ने भाजपा सरकारों को 'चोरी से बनी' बताया।
ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव की मांग।
पटना में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह जयंती पर हमला।
राज्य ब्यूरो, पटना। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर चुनाव आयोग से मिलीभगत कर सत्ता हासिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में जहां भी भाजपा की सरकार है, वह चोरी से बनी है।
खरगे ने बीते दो वर्षों के चुनाव रद करने और आगे के चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग भी उठाई। रविवार को पटना में बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने आरएसएस और भाजपा पर तीखा हमला बोला।

श्री बाबू जयंती समारोह में भाग लेने मंच पर पहुंचे मल्लिकार्जुन खरगे।
खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची से लोगों के नाम कटवा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने महीनों पहले जो सवाल उठाए थे, वे अब सामने आ रहे हैं।
खरगे ने दावा किया कि दो चुनाव आयुक्तों ने 14 बार पत्र लिखकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समक्ष आपत्तियां दर्ज कराईं, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। आरएसएस और भाजपा को निशाने पर लेते हुए खरगे ने कहा कि आजादी के करीब आठ दशक बाद भी देश में छुआछूत कायम है।
दलित से भेदभाव
ये संगठन दलितों को बराबरी का दर्जा नहीं देते। खरगे ने हल्द्वानी की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उनके लौटने के बाद भाजपा और आरएसएस के लोगों ने मंच का शुद्धीकरण कराया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश की बड़ी आबादी को ही अपना नहीं माना जाएगा, तो राष्ट्रीय एकता कैसे कायम होगी?
पीएम पर की आपत्तिजनक टिप्पणी
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पटना दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई एक विवाविद टिप्पणी कर दी, जिस पर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी पर निशाना साधते खरगे बोल रहे थे, तभी बीच में एक व्यक्ति ने टोक दिया। इसके जवाब में खरगे ने पीएम पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि उनकी नीतियां देश को तानाशाही की ओर ले जा रही हैं। उन्होंने विपक्षी दलों और लोकतंत्र में विश्वास रखने वालों से एकजुट होकर लोकतंत्र बचाने की अपील की।
समारोह को राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
यह भी पढ़ें- श्रीबाबू की जयंती के बहाने अगड़ा वोट साधने में जुटी कांग्रेस, खरगे आज पटना में
