पटना के मनेर में भीषण हादसा, गड्ढे में पलटे ऑटो में दौड़ा करंट; तीन लोगों की मौत, एक घायल
पटना के मनेर में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। ब्यापुर गांव के पास एक ऑटो गड्ढे में पल ...और पढ़ें

हादसे के बाद बिलखती मृतक के परिवार की महिलाएं।
HighLights
मनेर में ऑटो पलटने से तीन लोगों की मौत।
गड्ढे में गिरे ऑटो में दौड़ा बिजली का करंट।
स्थानीय युवाओं ने बांस से तार हटाकर बचाई जान।
संवाद सूत्र, मनेर। पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
ब्यापुर गांव स्थित पंचायत सरकार भवन के समीप एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद ऑटो वहां से गुजर रही लो-टेंशन (एलटी) बिजली लाइन के संपर्क में आ गया।
हादसे में घटनास्थल पर ही भुन्ना टोला निवासी टुनटुन राय, टाटा कॉलोनी निवासी झुन्ना लाल और दरवेशपुर निवासी पन्ना लाल साव की मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका इलाज कराया जा रहा है।
ताजपुर से लौटते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो सवार सभी लोग ताजपुर से अपने गांव ब्यापुर लौट रहे थे। पंचायत सरकार भवन के पास पहुंचते ही किसी कारणवश चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया और उसी दौरान ऊपर से गुजर रही एलटी बिजली लाइन की चपेट में आ गया।ऑटो में करंट दौड़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों ने मदद के लिए दौड़ लगाई, लेकिन बिजली प्रवाहित होने के कारण कोई भी तुरंत ऑटो के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

युवाओं की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
हादसा और भी भयावह हो सकता था, लेकिन गांव के कुछ युवाओं ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बांस की मदद से बिजली के तार को ऑटो से अलग किया। इसके बाद ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तार नहीं हटाया जाता तो ऑटो में फंसे अन्य लोगों की भी जान जा सकती थी। ग्रामीणों की तत्परता से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि उनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
खबरें और भी
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस बिजली विभाग से भी हादसे से संबंधित तकनीकी जानकारी जुटा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना के समय बिजली लाइन की स्थिति क्या थी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।