मसौढ़ी: दो महीने पहले चोरी हुई 8 करोड़ की अष्टधातु मूर्तियां सड़क किनारे छोड़ भागे चोर, गांव में जश्न
मसौढ़ी के छाता गांव में दो महीने पहले चोरी हुई अष्टधातु की राम, जानकी, लक्ष्मण की मूर्तियां शाहाबाद-लखनौर सीमा पर सड़क किनारे मिलीं। ...और पढ़ें

अष्टधातु मूर्तियां सड़क किनारे छोड़ भागे चोर
HighLights
दो माह पहले चोरी हुई अष्टधातु मूर्तियां सड़क किनारे मिलीं।
8 करोड़ रुपये की राम, जानकी, लक्ष्मण की मूर्तियां बरामद।
पुलिस दबाव से चोरों ने मूर्तियां छोड़ दीं, गांव में जश्न।
संवाद सहयोगी, मसौढ़ी। थाना के छाता गांव में स्थित कल्लू ठाकुरबाड़ी मंदिर से करीब दो माह पूर्व गायब हुई अष्टधातु की श्री राम, जानकी, लक्ष्मण की मूर्तियां सोमवार की सुबह थाना के शाहाबाद- लखनौर सीमा पर सड़क किनारे रखी हुई मिली।
गायब मूर्तियों के मिल जाने की खबर आग की तरह छाता एवं आसपास के गांवों में फैल गई और मूर्ति देखने को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए। इससे ग्रामीणों में खुशी व्याप्त थी। बाद में ग्रामीण उसे एक पेड़ के पास चबूतरे पर रख दिए। इसके बाद वहां पूजा पाठ व भजन कीर्तन शुरू हो गया। डीजे पर भी धार्मिक गीत बजनी शुरू हो गई।
16 मार्च को हुई थी चोरी
सूचना पाकर थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने इसके लिए उनके प्रति कृतज्ञता जताई। गौरतलब है कि बीते 16 मार्च की देर रात बदमाशों ने छाता गांव के कल्लू ठाकुरबाड़ी मंदिर की किवाड़ हटा अष्टधातु की कीमती तीनों मूर्तियां चुरा ली थी और ले भागे थे। इनमें राम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियां शामिल थी।
इन मूर्तियों की कीमत करीब सात से आठ करोड़ बताई जाती है। मूर्तियां करीब दो सौ साल पुरानी थी। उसे वर्ष 1935 में उक्त ठाकुरबाड़ी में स्थापित किया गया था। सभी मूर्तियों पर चांदी का मुकुट था।
इस बीच ठाकुरबाड़ी मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि बरामद मूर्तियों की मंदिर में प्रतिस्थापना विधि विधान से एक निश्चित तिथि को किया जाएगा। इसके लिए मंदिर कमेटी बैठक कर निर्णय लेगी।
पुलिस के बढते दबाव से घबराकर आरोपितों ने मूर्ति रखा
बताया जाता है कि मूर्ति चोरी होने के बाद इस संबंध में ठाकुरबाड़ी कमेटी के सचिव मुनीदेव सिंह ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इधर टावर डंप एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध पुलिस लगातार छापामारी कर रही थी। इससे घबराकर गिरफ्तारी के भय से अज्ञात चोरों ने चुराई गई मूर्तियां सोमवार को शाहाबाद- लखनौर सीमा पर सड़क किनारे रख दिया और भाग निकलें।
खबरें और भी
इस बाबत प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार को एक बाइक से मूर्ति लेकर आरोपित वहां आए थे और मूर्ति रख भाग निकलें। उधर थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि फिलहाल मूर्ति ठाकुरबाड़ी कमेटी के जिम्मेनामा पर उसे सौंप दिया गया है और न्यायालय से रिलीज की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।