Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मॉर्निंग वॉक बना मिस्ट्री: छपरा में 2 दिन से लापता एपीपी का कुएं में मिला शव; इलाके में हड़कंप

    By Amritesh KumarEdited By: vyas Chandra
    Updated: Sun, 03 May 2026 08:43 AM (IST)

    छपरा में दो दिन से लापता लोक अभियोजक पदाधिकारी (APP) पवन कुमार का शव उनके घर के पास एक कुएं से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर म ...और पढ़ें

    एपीपी पवन कुमार की फाइल फोटो।

    एपीपी पवन कुमार की फाइल फोटो।

    HighLights

    1. एपीपी पवन कुमार दो दिन से लापता थे।

    2. शव घर के पास कुएं से बरामद, सनसनी फैली।

    3. पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, छपरा। छपरा शहर में रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए लोक अभियोजक पदाधिकारी (APP) पवन कुमार का शव शनिवार को उनके घर के पास स्थित एक कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

    भगवान बाजार थाना क्षेत्र के शिव बाजार मोहल्ला निवासी पवन कुमार एक मई की सुबह टहलने निकले थे, जिसके बाद से वह लापता हो गए थे। घटना के बाद से स्वजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे।

    शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।  

    सुबह टहलने निकले थे एपीपी

    जानकारी के अनुसार, पवन कुमार एक मई की सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से निकले थे। उस समय वह ढेला जी मंदिर के समीप टहल रहे थे।

    स्वजन के मुताबिक, उन्होंने सेंडो गंजी और गमछा पहन रखा था। परिवार के लोगों ने यह भी बताया कि उनकी तबीयत कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी।

    पत्नी रेनु सिन्हा ने भगवान बाजार थाना में दिए आवेदन में बताया कि सुबह करीब 5:45 बजे वह पति को बुलाने बाहर गईं, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं थे। काफी देर तक आसपास खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

    रिश्तेदारों और साथियों से भी की गई तलाश

    घटना के बाद स्वजन ने रिश्तेदारों, परिचितों और अधिवक्ता साथियों से संपर्क किया, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना भगवान बाजार थाना को दी गई। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद इलाके में जांच शुरू की।

    स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले, लेकिन उसमें पवन कुमार कहीं नजर नहीं आए, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया।

    कुएं में शव मिलने से फैली सनसनी

    शनिवार को घर के समीप स्थित एक कुएं में शव मिलने की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पहचान होने पर शव लापता एपीपी पवन कुमार का निकला। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

    इस संबंध में भगवान बाजार थानाध्यक्ष रंधीर कुमार ने बताया कि शव को कुएं से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

    खबरें और भी