निफ्ट पटना की फैशन वाक में दिखी रहस्यमयी दावत, हर किरदार का था अलग अंदाज
निफ्ट पटना के फैशन कम्युनिकेशन विभाग के विद्यार्थियों ने एक अनोखे फैशन वॉक का आयोजन किया, जिसमें रहस्यमयी भोजन सभा ...और पढ़ें

फैशन वाक में अलग-अलग ड्रेस ने किया प्रभावित। सौ-संस्थान
जागरण संवाददाता, पटना। निफ्ट पटना (NIFT Patna) के फैशन कम्युनिकेशन विभाग के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए अनोखे फैशन वाक का आयोजन किया।
शैक्षणिक गतिविधि के तहत आयोजित इस प्रस्तुति में फैशन, अलग-अलग किरदारों की पहचान और कहानी को एक साथ जोड़कर दर्शकों के सामने पेश किया गया।
भोजन सभा के आधार पर रैंप वाक
सामान्य फैशन वाक से अलग इसमें एक रहस्यमयी भोजन सभा की कल्पना को आधार बनाया गया था। प्रस्तुति में भोजन की मेज के इर्द-गिर्द जुटे 24 अलग-अलग व्यक्तित्वों और उनकी मेजबान मदर मिरांडा सहित कुल 25 प्रमुख किरदारों को दर्शाया गया।
रहस्यमयी और जादुई माहौल के बीच मदर मिरांडा ने अपने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद एक के बाद एक किरदारों ने मंच पर प्रवेश किया।

अलग और अनूठे ड्रेस में दिखीं छात्राएं और मॉडल
हर किरदार के लिए अलग परिधान, रूप-सज्जा और शैली तैयार की गई थी। विद्यार्थियों ने अपने डिजाइन और प्रस्तुति के माध्यम से किरदारों के व्यक्तित्व और उनकी कहानियों को सामने लाने का प्रयास किया।
वही द अनफिनिश्ड नाम से एक अलग प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया।
डिजाइन की खोज, प्रयोग और प्रस्तुति तक के दिखे झलक
प्रदर्शनी में परियोजना के शुरुआती विचारों, डिजाइन की खोज, प्रयोगों और अंतिम प्रस्तुति तैयार करने तक के अलग-अलग चरणों को दिखाया गया।
इस परियोजना को शिक्षिका एवं फैकल्टी मेंटर रश्मि ठाकुर के मार्गदर्शन में तैयार किया गया। संस्थान के निदेशक कर्नल राहुल शर्मा का भी आयोजन में सहयोग और प्रोत्साहन रहा।