Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Nitish Kumar जा रहे दिल्ली... सुन भड़के कार्यकर्ता, CM हाउस के बाहर हंगामा; ललन सिंह-संजय झा को बताया जयचंद

    Updated: Thu, 05 Mar 2026 10:15 AM (GMT+05:30)

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों पर पटना में जदयू कार्यकर्ताओं ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री आवास के बाहर जुटे कार्यकर्ता ...और पढ़ें

    पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर जदयू कार्यकर्ताओं की भारी भीड़

    पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर जदयू कार्यकर्ताओं की भारी भीड़

    HighLights

    1. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों पर कार्यकर्ताओं का विरोध।

    2. जदयू कार्यकर्ताओं ने ललन सिंह और संजय झा के खिलाफ नारे लगाए।

    3. मुख्यमंत्री आवास के बाहर कई कार्यकर्ता भावुक होकर रो पड़े।

    डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजनीति में उस वक्त बड़ा सियासी ड्रामा देखने को मिला जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरें तेज हुईं। पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर जदयू कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई।

    कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए विरोध जताने लगे और कुछ कार्यकर्ता भावुक होकर रोते भी नजर आए। उनका कहना था कि नीतीश कुमार को बिहार छोड़कर दिल्ली नहीं जाना चाहिए।

    विरोध के बीच कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं पर भी नाराजगी जताई।

    ललन सिंह के खिलाफ लगे मुर्दाबाद के नारे

    CM हाउस के बाहर जुटे कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू नेता संजय झा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कई कार्यकर्ताओं ने ललन सिंह को ‘जयचंद’ तक कह दिया।

    कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पार्टी के कुछ नेता ही नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजने की साजिश कर रहे हैं। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया और पुलिस को भी सतर्क रहना पड़ा।

    विधायक की गाड़ी पर भी बरसा गुस्सा

    प्रदर्शन कर रहे जदयू कार्यकर्ताओं ने विधायक प्रेम मुखिया का भी विरोध किया। जब वे मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया।

    बताया जा रहा है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने गाड़ी पर हाथ भी मारे और उन्हें वहां से वापस लौटना पड़ा। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया।

    रोते हुए कार्यकर्ता बोले-नीतीश नहीं तो हम क्या करेंगे

    मुख्यमंत्री आवास के बाहर जदयू कार्यकर्ता राजीव फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने कहा कि उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से नीतीश कुमार के नाम पर वोट मांगा था।

    उनका कहना था कि जनता ने नीतीश कुमार के नाम पर भरोसा किया है, किसी और के लिए नहीं। कार्यकर्ता ने कहा कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे तो हम लोगों का क्या होगा।

    ललन सिंह बोले - CM का फैसला सभी को मानना होगा

    इस पूरे घटनाक्रम के बीच केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बयान देते हुए कहा कि जदयू को नीतीश कुमार ने बनाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जो भी फैसला करेंगे, वह सभी को स्वीकार होगा।

    ललन सिंह ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में जो विकास किया है, वह ऐतिहासिक है।

    नीतीश के राज्यसभा जाने की अटकलें तेज

    राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार वे विधानसभा पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।

    कयास लगाए जा रहे हैं कि इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उनके साथ मौजूद रह सकते हैं।

    अमित शाह के पटना आने से बढ़ी सियासी हलचल

    इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पटना दौरे ने भी राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के मुताबिक अमित शाह दोपहर करीब 12 बजे पटना पहुंचेंगे।

    बताया जा रहा है कि राज्यसभा नामांकन के दौरान उनकी मौजूदगी भी संभव है।

    CM आवास पर बुलाई गई अहम बैठक

    राजनीतिक घटनाक्रम के बीच बुधवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर अहम बैठक बुलाई गई। इस बैठक में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और मंत्री विजय चौधरी मौजूद रहे।

    बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

    यह भी पढ़ें- 50 साल के निशांत कुमार क्यों अचानक चर्चा में? पढ़ाई, संपत्ति और सियासी एंट्री की पूरी कहानी