मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद भी नीतीश का जलवा; लोगों ने कहा- बिहार मिस कर रहा आपको, मुस्कुराए पूर्व CM
मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी नीतीश कुमार की लोकप्रियता बरकरार है, जिसका प्रमाण पटना के एक अस्पताल में उनके मंत्री से मिलने के दौरान वायरल हुए वीडियो में दिखा।
HighLights
नीतीश कुमार की लोकप्रियता मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी बरकरार है।
पटना के मेदांता अस्पताल में मंत्री से मिलने का वीडियो वायरल।
जनता ने पूर्व मुख्यमंत्री के प्रति गहरा लगाव और उत्साह दिखाया।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भी नीतीश कुमार की लोकप्रियता और उनके प्रति लोगों का लगाव समय-समय पर सामने आता रहता है।
रविवार को राजधानी के एक अस्पताल में ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा का कुशलक्षेम जानने पहुंचे थे।
नीतीश कुमार के अस्पताल पहुंचने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में अस्पताल परिसर में काफी संख्या में लोग उनके आसपास नजर आ रहे हैं।
देखिये नीतीश चाचा एंट्री मार चुके हैं
इसी दौरान वीडियो बनाने वाला व्यक्ति कहता सुनाई देता है- 'देखिए, नीतीश चाचा एंट्री मार चुके हैं।' लोगों ने कहा- सर, बिहार मिस कर रहा आपको वीडियो में नीतीश कुमार अस्पताल के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं।
इस पर नीतीश कुमार हाथ जोड़ने के बजाय मुस्कुराते हुए आगे बढ़ते नजर आते हैं। उन्होंने इस दौरान कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, वीडियो में लोगों की ओर से नीतीश कुमार के प्रति उत्साह और अपनापन साफ नजर आ रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर भी इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोग इसे नीतीश कुमार की लोकप्रियता और उनके लंबे राजनीतिक कार्यकाल से जोड़कर देख रहे हैं।
करीब दो दशक तक रहे बिहार के मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार वर्ष 2005 से 2025 तक बीच के कुछ महीनों को छोड़कर लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। इस दौरान उन्होंने कई बार राजनीतिक गठबंधन बदले, लेकिन मुख्यमंत्री के तौर पर उनकी मौजूदगी बिहार की राजनीति के केंद्र में बनी रही।
वर्ष 2025 में उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का निर्णय लिया और राज्यसभा जाने का एलान किया। इसके बाद सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में सत्ता संभाली। नीतीश कुमार बाद में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए।
अस्पताल में मंत्री का हाल जानने पहुंचे थे नीतीश
नीतीश कुमार रविवार को बिहार सरकार के मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा का कुशलक्षेम जानने राजधानी स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें देखने के लिए वहां मौजूद लोगों की भीड़ में उत्साह दिखाई दिया।
अस्पताल का यह वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में लोगों की प्रतिक्रिया को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा हो रही है कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी नीतीश कुमार की सार्वजनिक मौजूदगी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है।
