यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Politics: चुनाव के बीच Nitish Kumar का बड़ा फैसला, तीसरे चरण के लिए बनाई नई स्ट्रेटजी
मुख्यमंत्री की वर्चुअल मीटिंग दोनों तरफ के संवाद के तहत होगी। पहले चरण में मुख्यमंत्री संबंधित लोकसभा क्षेत्र के जदयू जिलाध्यक्ष व अन्य क्षेत्रीय पदाध ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, पटना। तीसरे चरण के चुनाव प्रचार पर निकलने के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को पुन: उन लोकसभा क्षेत्रों के जिलाध्यक्षों, प्रखंड व पंचायत से जुड़े पार्टी के पदाधिकारियों व सक्रिय नेताओं के साथ वर्चुअल मीटिंग करेंगे।
जदयू प्रदेश कार्यालय में शाम पांच बजे से यह बैठक होगी। इसके पूर्व तीसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए निकलने के पूर्व भी मुख्यमंत्री ने संबंधित लोकसभा क्षेत्र के जदयू पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की थी।
तीसरे चरण के पांच लोकसभा क्षेत्रों में तीन पर जदयू के प्रत्याशी
तीसरे चरण में सात मई को जिन पांच लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होना है उनमें तीन सीट झंझारपुर, सुपौल और मधेपुरा पर जदयू के प्रत्याशी हैं। तीनों सीटें जदयू की सीटिंग है। वहीं दो सीट में खगड़िया से लोजपा (रामविलास) तथा अररिया में भाजपा के प्रत्याशी हैं।
मुख्यमंत्री की वर्चुअल मीटिंग में झंझारपुर, सुपौल और मधेपुरा के जदयू जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष व पंचायत स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। यह भी संभव है कि चौथे चरण के तहत 13 मई को होनेवाले मतदान को ध्यान में रख मुख्यमंत्री मंगेर के जदयू पदाधिकारियों को भी इस वर्चुअल मीटिंग में जोड़ सकते हैं।
तीसरे चरण में जिन पांच क्रमश: दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय व मुंगेर में मतदान होना है उनमें केवल मुंगेर में ही जदयू के प्रत्याशी हैं। दरभंगा में भाजपा, उजियारपुर में भाजपा, समस्तीपुर में लोजपा (रामविलास) व बेगूसराय से भाजपा के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
पहले जिलाध्यक्षों व प्रखंड अध्यक्षों से उनकी बात सुनेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री की वर्चुअल मीटिंग दोनों तरफ के संवाद के तहत होगी। पहले चरण में मुख्यमंत्री संबंधित लोकसभा क्षेत्र के जदयू जिलाध्यक्ष व अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारियों की बात सुनेंगे। उनसे संवाद भी होगा। लगभग एक दर्जन पदाधिकारियों की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री का संबोधन होगा।
खबरें और भी
सरकार की योजनाओं के बारे में मुख्यमंत्री करेंगे बात
मुख्यमंत्री अपनी वर्चुअल मीटिंग में अपने पदाधिकारियों को यह बताएंगे कि उनकी सरकार ने विगत 18 वर्षों में किस तरह से काम किया। सरकार के काम को ही आधार बनाकर वे लोग वोटरों के पास जा रहे। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं जिसमें सरकार ने काम नहीं किया। हर वर्ग के लिए काम हुआ है। इसके अतिरिक्त यह चर्चा भी सामान्य तौर पर होती रही है कि लालू-राबड़ी के 15 वर्षों के शासन काल में बिहार की क्या स्थिति थी?